नमो भारत के तीन साल पूरे, अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं

WhatsApp Channel Join Now
नमो भारत के तीन साल पूरे, अब तक 4.5 करोड़ से अधिक यात्राएं


नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर तीन साल के परिचालन के दौरान 4.5 करोड़ से अधिक यात्रियों ने सफर किया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अनुसार, नमो भारत से फिलहाल प्रतिदिन 1.1 लाख से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं। इस सेवा में एक दिन में सर्वाधिक करीब 1.68 लाख यात्रियों के सफर का रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया है।

एनसीआरटीसी ने रविवार को नमो भारत दिवस 2026 मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्रालय की सचिव डी. थारा और शहरी विकास विभाग के सचिव सतेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मनोहर लाल ने कहा कि नमो भारत केवल एक नाम नहीं बल्कि राष्ट्र को प्राथमिकता देने, समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह सेवा क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ शहरी परिवहन को नई दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2023 को इस कॉरिडोर का उद्घाटन किया था। मंत्री ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों, इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

नमो भारत का परिचालन अक्टूबर 2023 में साहिबाबाद से दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिक खंड पर शुरू हुआ था। इसके बाद पूरे 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से चालू किया गया। प्रधानमंत्री ने 22 फरवरी 2026 को पूरे नमो भारत कॉरिडोर के साथ मेरठ मेट्रो भी राष्ट्र को समर्पित की थी।

एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत में यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन के अन्य साधनों से संपर्क और शुरुआती तथा अंतिम दूरी तक पहुंच बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। परियोजना की पर्यावरणीय और वित्तीय स्थिरता के लिए ‘सोलर ऑन ट्रैक’ पहल के साथ 110 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र विकसित किया जा रहा है।

एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य आधुनिक, सुरक्षित, भरोसेमंद और पर्यावरण अनुकूल क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था विकसित करना है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को वार्षिक पुरस्कार दिए गए। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ नमो भारत कॉरिडोर को जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है। वहीं, गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story