‘माई भारत’ देश के हर जिले और हर ब्लॉक तक पहुंचेगा : मनसुख मांडविया

WhatsApp Channel Join Now
‘माई भारत’ देश के हर जिले और हर ब्लॉक तक पहुंचेगा : मनसुख मांडविया


शिलांग, 31 मई, (हि.स.)। केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देश निर्माण की विभिन्न पहलों में युवाओं की अधिक सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि ‘माई भारत’ कार्यक्रम को देश के प्रत्येक जिले, प्रत्येक ब्लॉक और हर युवा तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की शक्ति को राष्ट्र विकास से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

शिलांग स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) में आयोजित दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ के प्रथम दिन संबोधित करते हुए मांडविया ने कहा कि ‘माई भारत’ पहले ही 2.17 करोड़ से अधिक युवा स्वयंसेवकों को जोड़कर एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने विकासात्मक कार्यक्रमों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा अंतिम पंक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर गतिविधियों को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।

बैठक में युवा मामले विभाग, ‘माई भारत’ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विभिन्न स्तरों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं की सहभागिता बढ़ाने, कार्यक्रमों की प्रभावशीलता में सुधार लाने और युवा-नेतृत्व वाले विकास के सरकारी लक्ष्य को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

केंद्रीय मंत्री ने जिला युवा अधिकारियों और एनएसएस अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि युवा विकास कार्यक्रमों की सफलता का आकलन केवल प्रतिभागियों की संख्या से नहीं, बल्कि समाज पर उनके वास्तविक प्रभाव और परिणामों के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने 26 जून से 15 अगस्त तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी नशा विरोधी अभियान में व्यापक जनभागीदारी का भी आह्वान किया।

मांडविया ने घोषणा की कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देश के 150 शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मंत्रालय देश के सभी 783 जिलों में ‘माई भारत’ केंद्र स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले दिन की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री ने शिलांग में ‘माई भारत’ के स्वयंसेवकों के साथ रोडोडेंड्रॉन ट्रेक में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से सक्रिय जीवनशैली अपनाने, प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

मेघालय की मनोहारी प्राकृतिक वादियों में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक क्षमता, साहसिकता और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना तथा⁶ उन्हें विभिन्न सरकारी पहलों से और अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ना था।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story