“मुस्लिम व्यक्ति ने किया था संघ का समर्थन”: डॉ. मोहन भागवत

WhatsApp Channel Join Now
“मुस्लिम व्यक्ति ने किया था संघ का समर्थन”: डॉ. मोहन भागवत


“मुस्लिम व्यक्ति ने किया था संघ का समर्थन”: डॉ. मोहन भागवत


-सरसंघचालक ने 1930 के दशक की ऐतिहासिक घटना का किया उल्लेख

नागपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने सोमवार को संघ के शुरुआती इतिहास की एक महत्वपूर्ण और कम चर्चित घटना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता से पूर्व 1930 के दशक में मध्य प्रांत की विधानसभा में जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा गया था, तब इब्राहिम नामक एक मुस्लिम व्यक्ति ने संघ के समर्थन में आवाज उठाई थी।

सरसंघचालक डॉ. भागवत आज नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सरसंघचालक ने संघ की स्थापना के शुरुआती दौर से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उस समय विधानसभा में संघ का पक्ष रखने के लिए एक भी स्वयंसेवक मौजूद नहीं था। यहां तक कि संघ की विचारधारा का समर्थन करने वाला भी कोई व्यक्ति वहां उपस्थित नहीं था। लेकिन ऐसी परिस्थिति में इब्राहिम नामक व्यक्ति ने संघ के पक्ष में अपनी बात रखी थी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि संघ सांप्रदायिक नहीं है, इसलिए उस पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाना चाहिए।

इब्राहिम के विधानसभा में दिए गए भाषण का उल्लेख करते हुए सरसंघचालक ने कहा कि उन्होंने अपने संबोधन में कहा था, “जो लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान हिंदू राष्ट्र है, उन्हें पागलखाने भेज देना चाहिए, ऐसा मुझे लगता है। लेकिन मैं डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को व्यक्तिगत रूप से जानता हूं। वे पागल नहीं, बल्कि एक अच्छे व्यक्ति हैं। इसलिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सांप्रदायिक नहीं हो सकता।” डॉ. भागवत ने कहा कि उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहचान भले ही व्यापक नहीं थी, लेकिन डॉ. हेडगेवार का समाज में काफी सम्मान था। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना से ही स्वयंसेवकों ने संगठन की वास्तविक पहचान बनाई है। आज 100 वर्षों बाद भी स्वयंसेवक ही संघ की असली शक्ति और पहचान हैं।

प्रचारकों का समर्पित जीवन ही संघ की ताकत

संघ के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं अर्थात प्रचारकों की जीवनशैली पर विचार व्यक्त करते हुए डॉ. भागवत ने उनके निःस्वार्थ सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में अलग-अलग क्षमताएं, कौशल और मानवीय गुण होते हैं, लेकिन प्रचारकों को एक सूत्र में बांधने वाली सबसे बड़ी विशेषता संघ कार्य के प्रति उनका पूर्ण समर्पण है।

उन्होंने कहा, “मैं स्वयं एक प्रचारक हूं और मैंने वर्षों से प्रचारकों को करीब से देखा है। उनकी जीवनशैली अब मेरे स्वभाव का एक हिस्सा बन चुकी है।” उन्होंने कहा कि जब लोग प्रचारकों के बारे में लिखते हैं, तो उसके पीछे कोई व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं होता, बल्कि उनके प्रति प्रेम, सम्मान और आत्मीयता की भावना होती है। संघ के कार्य से किसी प्रकार का भौतिक लाभ प्राप्त नहीं होने के बावजूद प्रचारक अपना पूरा जीवन समाजसेवा के लिए समर्पित कर देते हैं।

75 लाख स्वयंसेवकों में करीब 4 हजार पूर्णकालिक प्रचारक

स्वयंसेवकों के जीवन में त्याग और समर्पण के महत्व को रेखांकित करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि सच्चा स्वयंसेवक अहंकार, व्यक्तिगत अपेक्षाओं और स्वार्थ से दूर रहकर समाज के कल्याण के लिए कार्य करता है। उन्होंने बताया कि आज देश में लगभग 70 से 75 लाख स्वयंसेवक हैं। इनमें से करीब चार हजार पूर्णकालिक प्रचारकों ने अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं और आकांक्षाओं को पीछे छोड़कर देश के भविष्य के निर्माण के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया है। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक का जीवन धारा के विपरीत दिशा में तैरने जैसा होता है। अपने अहंकार, स्वार्थ और व्यक्तिगत अपेक्षाओं को किनारे रखकर समाज के लिए कितना सकारात्मक योगदान दिया जा सकता है, इसी पर विचार करना स्वयंसेवक की वास्तविक पहचान है।

दुनिया की भारत से बड़ी अपेक्षाएं

स्वयंसेवकों के जीवन में त्याग के महत्व को स्पष्ट करते हुए डॉ. भागवत ने पारंपरिक धार्मिक संस्कारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः विवाह के बाद उपनयन अथवा मुंज जैसे धार्मिक संस्कार किए जाते हैं, लेकिन स्वयंसेवक के जीवन में त्याग और समर्पण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलते घटनाक्रमों के बीच पूरी दुनिया भारत की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है। इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए समाज का मजबूत, अनुशासित और एकजुट होना आवश्यक है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि संघ की प्रगति किसी बाहरी सहायता अथवा कृपा के कारण नहीं हुई है, बल्कि स्वयंसेवकों के समर्पण, निःस्वार्थ सेवा और चरित्रबल के आधार पर ही संगठन ने अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने अपने संबोधन में यह संदेश दिया कि संघ की वास्तविक पहचान उसकी इमारतों, पदाधिकारियों अथवा बाहरी प्रसिद्धि में नहीं, बल्कि निःस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले उसके स्वयंसेवकों में निहित है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story