कर्नाटक में कर्ज के बोझ से परेशान व्यवसायी ने पत्नी व दो बच्चों की हत्या कर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक में कर्ज के बोझ से परेशान व्यवसायी ने पत्नी व दो बच्चों की हत्या कर ट्रेन के आगे कूदकर जान दी


रायचूर, 01 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक के रायचूर स्थित जलालनगर के रायता कॉलोनी में कारोबार में नुकसान और बढ़ते कर्ज से परेशान एक व्यक्ति ने पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान विष्णु महेश (45), उनकी पत्नी अरुणा (36) तथा बच्चों श्लोक (10) और खुशी (7) के रूप में हुई है।

विष्णु महेश गंज में मुंशी के रूप में काम करते थे। इसके साथ ही वह हैदराबाद में कारोबार भी चलाते थे। कारोबार में नुकसान होने के कारण उन पर कर्ज का बोझ बढ़ गया था। उन्होंने अपनी आर्थिक परेशानियों के बारे में दोस्तों और रिश्तेदारों को बताया था। यहां तक कि उन्होंने दोस्तों से आत्महत्या करने की बात भी कही थी। इस पर दोस्तों ने उन्हें समझाकर ऐसा कदम नहीं उठाने की सलाह दी थी।

आशंका जताई जा रही है कि विष्णु ने पत्नी और दोनों बच्चों की गला घोंटकर हत्या की। यह भी संदेह है कि रात में घर लाए गए बिरयानी में कीटनाशक मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया गया होगा। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। बताया गया है कि परिवार के बड़े बेटे ने रात में बिरयानी नहीं खाई थी, जिसके कारण उसकी जान बच गई। घर में मां, छोटे भाई और बहन के शव देखकर वह सदमे में है।

घटना से पहले घर से बाहर निकलते समय विष्णु ने एक परिचित को फोन कर आत्महत्या करने की बात बताई थी। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। बाद में रेलवे पटरी पर विष्णु का शव बरामद हुआ।

पत्नी और बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जिला पुलिस अधीक्षक अरुणांशु गिरि ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस संबंध में मार्केट यार्ड पुलिस थाना और रेलवे पुलिस थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770394 Articles

Share this story