भारत मंडपम में 21 नवम्बर को जुटेंगे देशभर के उद्यमी, फूड एंड एग्रो सेक्टर को दोगुना करने पर होगा विचार

WhatsApp Channel Join Now
भारत मंडपम में 21 नवम्बर को जुटेंगे देशभर के उद्यमी, फूड एंड एग्रो सेक्टर को दोगुना करने पर होगा विचार


नई दिल्ली, 19 नवम्बर (हि.स.)। दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 21 नवंबर को लघु उद्योग भारती की ओर से 'नेशनल कॉन्क्लेव भारत फूड एंड एग्रो 2047' का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम (एमएसएमई) उद्यमी, नीति निर्माता और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे।

दिल्ली स्थित लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता और फूड एंड एग्रो उत्पाद समूह के राष्ट्रीय सह-समन्वयक आशीष देवड़ा ने यह जानकारी दी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने और देश के खाद्य एवं कृषि क्षेत्र को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।

आशीष देवड़ा ने बताया कि देश में हर साल लगभग 90 हजार करोड़ रुपये की कृषि पैदावार (विशेषकर फल और सब्जियां) समय पर प्रोसेसिंग, वेयरहाउसिंग और कोल्ड चेन न मिलने के कारण खराब हो जाती है। उन्होंने कहा, यदि हम इस बर्बादी का केवल 10 प्रतिशत भी बचा लें, तो किसानों और प्रोसेसर्स को सीधे 9 से 10 हजार करोड़ रुपये का लाभ होगा।

देवड़ा ने कहा कि वर्तमान में भारत का फूड एंड एग्रो निर्यात करीब 51 अरब डॉलर है, जिसे 2030-31 तक दोगुना कर 100 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि भारत को अब केवल कच्चा माल बेचने के बजाय 'वॉल्यूम से वैल्यू एडिशन' की ओर बढ़ना होगा।

वहीं, 21 नवम्बर को होने वाले इस कॉन्क्लेव को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ सिंह चौधरी और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के सचिव अविनाश जोशी (आईएएस) संबोधित करेंगे। इस दौरान 'मॉडर्न ट्रेड एंड क्विक कॉमर्स', 'फ्यूचर ऑफ फूड', 'आर्गेनिक फार्मिंग', 'एमएसएमई ग्रोथ में एआई की भूमिका', 'एग्री वेयरहाउसिंग' और 'एक्सपोर्ट एंड ग्लोबल रीच' जैसे विषयों पर विशेष तकनीकी सत्र होंगे।

इन सत्रों में एपिडा के अध्यक्ष अभिषेक देव (आईएएस), एफएसएसएआई के सलाहकार सत्येन कुमार पांडा, जॉइंट डीजीएफटी रमेश वर्मा, सीएफटीआरआई मैसूर के डॉ. सुहास आर., हल्दीराम के कार्यकारी निदेशक डॉ. अशोक त्यागी, निफ्टेम के डॉ. विमल पंत और एग्री बाजार के अतुल चूरा सहित कई उद्योगपति एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 1994 से कार्यरत लघु उद्योग भारती आज 27 राज्यों और 600 जिलों में 70 हजार सदस्यों (जिनमें 6 हजार महिला उद्यमी शामिल हैं) के साथ देश का सबसे बड़ा एमएसएमई संगठन है। उन्होंने संगठन की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए बताया कि सीएसआईआर के साथ '100 दिनों में 100 टेक्नोलॉजी' का रिकॉर्ड बनाया गया और 6 हजार तकनीकों का बैंक तैयार किया गया है, जिसे 10 हजार तक बढ़ाया जाएगा।

इसके अलावा 16 राज्यों के 47 केंद्रों और 183 आईटीआई के साथ मिलकर कौशल विकास पर काम चल रहा है। 'स्वयंसिद्धा' ब्रांड के तहत महिला उद्यमियों के लिए अब तक 85 प्रदर्शनियां आयोजित की जा चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story