विदिशा के मेडिकल कॉलेज में 8 सितंबर को शुरू होगा डे-केयर सेंटर : शिवराज सिंह
विदिशा, 29 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 8 सितंबर को विदिशा के मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों के लिए डे-केयर सेंटर शुरू किया जाएगा, जिससे विदिशा और आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को लाभ मिलेगा।
केन्द्रीय मंत्री चौहान शनिवार को विदिशा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बताया कि शुरुआती दौर में व्यवस्थाएं पूरी तरह विकसित होने तक एम्स भोपाल डे-केयर सेंटर के संचालन में सहयोग करेगा। इसके लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल के बीच एमओयू किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान शनिवार को अपनी धर्मपत्नी साधना सिंह के साथ भुजरियों और रक्षाबंधन के अवसर पर विदिशा पहुंचे थे। उन्होंने यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और लाड़ली बहनों से मुलाकात की। इस दौरान बहनों ने शिवराज सिंह चौहान की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद साधना सिंह चौहान ने शिवराज सिंह चौहान को उपहार भी दिया। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मां, बहन और बेटी देवी के समान हैं और उनकी सेवा करना ही देवी की पूजा है। मध्य प्रदेश सरकार बहनों और बेटियों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं पास कर कॉलेज में पढ़ने वाली बेटियों के लिए अजीम प्रेमजी संस्था के साथ मिलकर एक छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को सालाना 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। अब तक लगभग 2100 आवेदन भरे जा चुके हैं। उन्होंने अपील की कि सरकारी स्कूल से 10वीं-12वीं पास कर कॉलेज में पढ़ने वाली बेटियां, चाहे वे निजी कॉलेज में पढ़ रही हों, 31 अगस्त तक आवेदन अवश्य करें ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि बहनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आरसीटी के माध्यम से दो प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। पांच सितंबर से विदिशा, रायसेन और सीहोर में 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण भी शुरू होगा। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को बैंक लिंकेज के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
नेपाल में आई भीषण त्रासदी के दौरान लापता हुई विदिशा की स्वाति बागरेचा को लेकर भी शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वाति के संबंध में लगातार नेपाल के संपर्क में हैं। उनके कार्यालय के अधिकारी भी वहां के अधिकारियों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग भगवान से प्रार्थना करें कि नेपाल में लापता हुए लोगों को सुरक्षित वापस लाया जा सके। उन्होंने स्वाति बागरेचा की भी सुरक्षित वापसी की उम्मीद जताते हुए कहा कि सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
केन्द्रीय मंत्री चौहान का विदिशा पहुंचने पर ईदगाह चौराहे पर भाजपा युवा मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री चौहान मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ बैठक लेकर कैंसर डे-केयर सेंटर की तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें टाटा मेमोरियल के डॉक्टर भी वर्चुअली शामिल हुए। बैठक में सेंटर की आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
बैठक के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 8 सितंबर विदिशा और आसपास के जिलों के लिए एक ऐतिहासिक दिन होगा, जब कैंसर डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सेंटर विदिशा के साथ-साथ रायसेन, सीहोर, देवास, सागर और बुंदेलखंड के आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों के लिए भी फायदेमंद होगा। यह सुविधा क्षेत्र के कैंसर रोगियों को बड़ी राहत प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज विदिशा और एम्स भोपाल के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सेंटर शुरू होने के बाद सामने आने वाली किसी भी कमी या आवश्यकता को एम्स भोपाल के सहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने इस पहल को पीड़ित मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

