ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे शृंगेरी पीठ के उत्तराधिकारी विधुशेखर भारती, मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की

WhatsApp Channel Join Now
ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे शृंगेरी पीठ के उत्तराधिकारी विधुशेखर भारती, मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की


ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे शृंगेरी पीठ के उत्तराधिकारी विधुशेखर भारती, मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की


- बोले- भोजशाला में भव्य मंदिर, विश्वविद्यालय और सरस्वती लोक बने

धार, 25 नवंबर (हि.स.)। दक्षिणाम्नाय श्री शृंगेरी शारदा पीठ के 37वें उत्तराधिकारी जगद्गुरु शंकराचार्य श्री श्री विधुशेखर भारती महास्वामी बुधवार शाम को मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे। पहुंचे। उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इसके बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए भोजशाला के प्राचीन स्वरूप और वैभव को फिर से स्थापित करने की आवश्यकता बताई।

शंकराचार्य ने कहा कि भोजशाला में मां वाग्देवी का भव्य मंदिर बनाया जाना चाहिए। इसके साथ यहां विश्वविद्यालय और सरस्वती लोक की स्थापना भी होनी चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग भारतीय ज्ञान परंपरा, शिक्षा और संस्कृति का अध्ययन कर सकें। उन्होंने कहा कि भोजशाला केवल ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि प्राचीन भारतीय विद्या और ज्ञान की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है।

राजा भोज के समय विद्वानों का केंद्र थी भोजशाला

महास्वामीजी ने कहा कि भोजशाला का शृंगेरी शारदा पीठ से विशेष संबंध है। दोनों स्थानों की आराध्य देवी मां शारदा यानी मां सरस्वती हैं। उन्होंने राजा भोज के समय का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में भोजशाला में बड़े विद्वान और कवि रहते थे। महाराजा भोज स्वयं भी विद्वान थे और उन्होंने कई महत्वपूर्ण ग्रंथों की रचना की थी। यह परंपरा भोजशाला की प्राचीन शैक्षणिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती है।

शास्त्रार्थ और संस्कृत अध्ययन की परंपरा लौटे

शंकराचार्य ने कहा कि भोजशाला में पहले जैसा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण फिर से विकसित होना चाहिए। यहां कभी शास्त्रार्थ, ज्योतिष, संस्कृत और विभिन्न शास्त्रों का अध्ययन होता था। इस ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए मंदिर के साथ विश्वविद्यालय और शोध केंद्र की स्थापना जरूरी है। इससे भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समझने के इच्छुक लोगों को अध्ययन का अवसर मिलेगा।

उन्होंने भोजशाला के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे सनातनी समाज, धार के धर्मप्रेमियों और भोजशाला मुक्ति आंदोलन से जुड़े लोगों को आशीर्वाद दिया। साथ ही मां वाग्देवी से प्रार्थना की कि भक्तों को जल्द उनके मूर्ति स्वरूप में दर्शन का अवसर मिले और भोजशाला का पुराना वैभव लौटे।

समिति ने भोजशाला का भ्रमण कराया

इस अवसर पर पूर्व कलेक्टर सुब्रमण्यम भाय ने शंकराचार्य को भोजशाला से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। समिति के सचिव सुमित चौधरी ने अतिथियों को परिसर का भ्रमण कराया और पुराने सत्याग्रहियों के संघर्ष के बारे में बताया। समिति की ओर से अतिथियों का भगवा उपरणा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा, संरक्षक अशोक जैन, विश्वास पांडे, सहसचिव संदीप पाटीदार, राजा भव भदाने, श्याम मालवा सहित समिति के सदस्य, महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783241 Articles

Share this story