यूपी में अगली बार भी योगी आदित्यनाथ ही बनेंगे मुख्यमंत्री : हेमा मालिनी

WhatsApp Channel Join Now
यूपी में अगली बार भी योगी आदित्यनाथ ही बनेंगे मुख्यमंत्री : हेमा मालिनी


इंदौर, 28 नवंबर (हि.स.)। फिल्म अभिनेत्री, नृत्यांगना एवं भारतीय जनता पार्टी की सांसद हेमा मालिनी ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने बहुत सुधार किए हैं। अगली बार भी वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि संसद में भी महिला आरक्षण बिल पास हो जाएगा। सभी पार्टियों को इसके पक्ष में वोटिंग करना चाहिए।

हेमा मालिनी एक स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में नृत्य की प्रस्तुति देने के लिए शनिवार को इंदौर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राजनीतिक, अपने लंबे फिल्मी सफर, अभिनय की बारीकियों और नृत्य कला से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि अभिनय हो या नृत्य, नियमित अभ्यास के बिना बेहतर प्रस्तुति संभव नहीं है। यही वजह है कि आज भी मंच पर उतरने से पहले वे पूरी तैयारी और रिहर्सल करती हैं।

हेमा मालिनी ने कहा कि नृत्य और अभिनय हमेशा से उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। मंच पर प्रस्तुति देने से पहले वे उसकी बारीकियों पर काम करती हैं और लगातार अभ्यास करती हैं। उन्होंने अपने पुराने फिल्मी किरदारों का जिक्र करते हुए कहा कि कई साल बाद जब वे उन फिल्मों को दोबारा देखती हैं तो उस समय की चुनौतियां फिर याद आ जाती हैं। हालांकि, फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने इन कठिन भूमिकाओं को सहजता से निभाया था।

बातचीत में उनकी चर्चित फिल्म 'शोले' के किरदार बसंती का भी जिक्र हुआ। हेमा मालिनी ने फिल्म 'क्रोधी' में निभाई अपनी भूमिका को अलग तरह का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में उनका किरदार काफी अलग था, लेकिन इसे देखने पर दर्शकों को कहीं न कहीं बसंती की झलक भी महसूस होगी। वर्ष 1981 में रिलीज हुई फिल्म 'क्रोधी' में हेमा मालिनी ने फूलवती की भूमिका निभाई थी। इस किरदार में उनके अभिनय का एक अलग अंदाज देखने को मिला था।

हेमा मालिनी ने कहा कि अपनी पुरानी फिल्मों को देखने पर उन्हें उन किरदारों से जुड़ी मेहनत और चुनौतियां याद आती हैं। उस समय जिन परिस्थितियों में उन्होंने अभिनय किया, उन्हें शूटिंग के दौरान सहजता से पूरा किया। उनके मुताबिक अभिनय और नृत्य में निरंतर अभ्यास ही प्रस्तुति को बेहतर बनाता है। यही वजह है कि इतने वर्षों बाद भी वे मंच पर जाने से पहले अभ्यास को जरूरी मानती हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story