मप्र के उज्जैन में विस्थापन के बाद भी दक्षिण मुखी रहेंगे खड़े हनुमान जी, अब दूसरी जगह शिफ्टिंग की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के उज्जैन में विस्थापन के बाद भी दक्षिण मुखी रहेंगे खड़े हनुमान जी, अब दूसरी जगह शिफ्टिंग की तैयारी


उज्जैन, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच करीब 170 साल पुराने ऐतिहासिक खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा को लेकर मामला अभी सुलझा नहीं है। सड़क चौड़ीकरण की जद में आने के कारण मंदिर का मुख्य ढांचा पहले ही हटाया जा चुका है। अब प्रशासन प्रतिमा को मूल स्थान से दूसरी जगह स्थानांतरित करना चाहता है, लेकिन श्रद्धालु इसके लिए तैयार नहीं हैं।

प्रशासन ने पहले से तय टंकी चौक की जगह बदलकर अब मंदिर के लिए दूसरी जगह तलाशने का फैसला किया है। मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि नई जगह अभी तय नहीं हुई है, लेकिन भगवान की दिशा दक्षिण मुखी ही रखी जाएगी।

खड़े हनुमान मंदिर को शुरुआत में हटाने के प्रयास के दौरान प्रशासन ने मूर्ति को शिफ्ट करने के लिए टंकी चौक पर मंदिर बनवा दिया था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बाद भी जब मूर्ति नहीं हिली तो मंदिर शिफ्ट नहीं हो पाया। इस दौरान टंकी चौक पर नया मंदिर बनकर तैयार हो गया।

मंदिर के पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि टंकी चौक पर बनाए गए मंदिर में भगवान की दिशा बदल रही थी, इसलिए नई जगह के लिए मांग की गई है कि भगवान को दक्षिण मुखी ही रखा जाए, जैसे वे अभी हैं। इसी मांग को देखते हुए टंकी चौक पर भगवान को ले जाने की बात अभी रद्द है। नई जगह का निर्धारण अभी नहीं हुआ है। सरकार कुछ नई जगह सोच रही है, उसके बारे में अभी विचार होगा, लेकिन यह तय है कि हनुमान जी दक्षिण मुखी ही रहेंगे।

सराफा क्षेत्र के इस मंदिर को करीब 170 साल पुराना बताया जाता है। मंदिर की स्थापना का संबंध वर्ष 1857 से जोड़ा जाता है। पीढ़ियों से यहां श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते रहे हैं। मंदिर से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और स्थानीय लोगों की आस्था ने इसे क्षेत्र की पहचान बना दिया है। मंदिर की खास पहचान यहां स्थापित खड़े हनुमानजी की प्रतिमा है। यही वजह है कि सड़क चौड़ीकरण की योजना सामने आने के बाद प्रतिमा को हटाने का मुद्दा स्थानीय लोगों के लिए भावनात्मक बन गया। मंदिर का ढांचा हटाए जाने के बाद प्रतिमा को अस्थायी व्यवस्था के बीच सुरक्षित रखा गया और पूजा-अर्चना जारी रही।

मंदिर के विस्थापन की प्रक्रिया के दौरान सितंबर में प्रतिमा को हटाने का प्रयास किया गया था। भारी मशीनों और तकनीकी संसाधनों की मदद लेने के बावजूद करीब आठ फीट ऊंची प्रतिमा अपने आधार से नहीं हट सकी। इसके बाद प्रशासन ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए बिना स्थानांतरित करने के लिए विशेषज्ञों की मदद लेने का निर्णय किया। इसी बीच 04 सितंबर को मंदिर का मुख्य ढांचा हटाया गया था। इसके बाद प्रतिमा को अस्थायी छतरीनुमा व्यवस्था के नीचे रखा गया। प्रतिमा को हटाने के प्रयास की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचने लगे। सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन के माध्यम से लोगों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कई श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को उसी स्थान पर सुरक्षित रखने की मांग उठाई।

प्रतिमा को हटाने में आई तकनीकी परेशानी के बाद प्रशासन ने उसके आधार और जमीन के भीतर की संरचना का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली। अब तक इंदौर, भोपाल और दिल्ली की टीमें अलग-अलग चरणों में परीक्षण कर चुकी हैं। तीन अलग-अलग स्तर पर जांच होने के बावजूद अभी तक उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई है। प्रशासन को इन रिपोर्टों और तकनीकी विशेषज्ञों के निष्कर्षों का इंतजार है।

खड़े हनुमानजी के विस्थापन का मामला धार्मिक दायरे से निकलकर राजनीतिक स्तर तक भी पहुंच चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रतिमा को मूल स्थान पर ही सुरक्षित रखने का आग्रह किया है। उन्होंने इसके लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने का सुझाव भी दिया है। सांसद अनिल फिरोजिया ने भी मामले में सभी पक्षों की सहमति से समाधान निकालने की बात कही है। संत समाज के प्रतिनिधियों ने हनुमान चालीसा पाठ, प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से प्रतिमा को नहीं हटाने की मांग उठाई है।

28 नवंबर को इस विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। मामले के समाधान के लिए एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर के पुजारी महेश बैरागी, भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी और बजरंग दल के पदाधिकारियों शैलू यादव तथा रूपेश ठाकुर से चर्चा की। प्रशासन ने प्रतिमा को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के संबंध में समझाइश दी, लेकिन बैठक में सहमति नहीं बन सकी। मंदिर से जुड़े लोगों और संगठनों ने स्पष्ट कर दिया कि वे प्रतिमा को उसके मूल स्थान से हटाने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि यदि जबरन विस्थापन की कोशिश हुई तो श्रद्धालु आंदोलन करेंगे। इस तरह प्रशासन और विरोध कर रहे पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story