फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने मां के साथ किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुई शामिल

WhatsApp Channel Join Now
फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने मां के साथ किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुई शामिल


फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने मां के साथ किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुई शामिल


फिल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने मां के साथ किए महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुई शामिल


उज्जैन, 31 अक्टूबर (हि.स.)। बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शनिवार तड़के मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भगवान महाकाल की भस्म आरती में हिस्सा लिया। पारंपरिक साड़ी पहनकर मंदिर पहुंचीं तमन्ना ने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक भस्म आरती के दर्शन किए और पूरी श्रद्धा के साथ बाबा महाकाल की आराधना की।

जानकारी के अनुसार, अभिनेत्री तमन्ना भाटिया शनिवार सुबह करीब 4 बजे अपनी मां और परिवार के सदस्यों के साथ महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दर्शन किए। आरती के बाद उन्होंने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कही और भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

इस दौरान मंदिर समिति की ओर से अभिनेत्री और उनके परिवार का सम्मान भी किया गया। दर्शन के बाद तमन्ना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होना उनके लिए बेहद आनंद और सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि वे अपनी मां को भी बाबा महाकाल के दर्शन कराने के लिए लेकर आई थीं। मां के साथ भगवान के दर्शन कर उन्हें बेहद खुशी हुई।

इधर, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर शनिवार तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद भगवान महाकाल की विशेष भस्म आरती संपन्न हुई। मंदिर के पट खुलते ही पुजारी और पुरोहितों ने गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से भगवान का अभिषेक हुआ।

मंत्रोच्चार के बीच बाबा महाकाल का भांग, चंदन और विभिन्न आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया। ज्योतिर्लिंग को रजत ओम-बिल्वपत्र मुकुट, रुद्राक्ष की मालाओं और सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। भगवान के मस्तक पर त्रिपुंड और त्रिशूल सुशोभित किया गया। इसके अलावा रजत शेषनाग मुकुट और मुंडमाला से भी बाबा का अलंकरण किया गया।

श्रृंगार और पूजन के बाद भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय का पूजन किया गया। इसके बाद भगवान महाकाल को फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। कपूर आरती और नैवेद्य अर्पित करने के बाद महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित की गई। भस्म आरती के दौरान पूरे मंदिर परिसर में मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा।

भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल अपने भक्तों को दिव्य स्वरूप में दर्शन देते हैं। इस विशेष आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नंदी महाराज के दर्शन किए और उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। इस दौरान बाबा महाकाल के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया की मंदिर यात्रा भी श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय रही।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769713 Articles

Share this story