मप्र के उज्जैन में महाशिवरात्रि के बाद निकली भव्य शिव बारात, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के उज्जैन में महाशिवरात्रि के बाद निकली भव्य शिव बारात, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल


उज्जैन, 26 फरवरी (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में गुरुवार की रात भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव के तहत एक भव्य शिव बारात निकाली गई। इस आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।

धर्मनगरी उज्जैन में गुरुवार को बाबा महाकाल के 26वें शाही रिसेप्शन का भव्य आयोजन किया गया। महाशिवरात्रि के बाद आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। कार्यक्रम का आयोजन महाकाल आरती परिवार द्वारा नरसिंह घाट के सामने स्थित कुमावत धर्मशाला में किया गया। दोपहर से ही महिला संगीत, भजन और धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई थी।

शाम को शाही बारात निकली गई। यह बारात नगरकोट स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ हुई और छत्री चौक, गोपाल मंदिर सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रिसेप्शन स्थल तक पहुंची। इस शिव बारात की खासियत यह रही कि इसमें शास्त्रों में वर्णित शिव बारात की झलक को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

श्रद्धालु अलग-अलग स्वरूपों में सजे हुए नजर आए, जिनमें नंदी, भूत-प्रेत और गणों के वेश शामिल थे। बाबा महाकाल की पालकी, हाथी, घोड़े, बग्गियां और भूत मंडली बारात के मुख्य आकर्षण थे। डीजे की धुन पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर शिव-पार्वती विवाह का प्रतीकात्मक रिसेप्शन आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाए गए थे। शहरभर में पत्रिकाएं बांटकर और पीले चावल के साथ न्योता देकर नागरिकों को इस आयोजन में आमंत्रित किया गया था। रिसेप्शन के दौरान भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों ने प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं के लिए विशाल नगर भोज रखा गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

समाजसेवी राजेश बाथम ने बताया कि यह आयोजन महाकालेश्वर मंदिर की शिवरात्रि के माह में रक्तसेन आरती और रक्त भंडार द्वारा किया जाता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पिछले 26 वर्षों से लगातार निकल रही इस शिव बारात में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story