दिल्ली, अंडमान-निकोबार सिविल सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने इंदौर का किया भ्रमण

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली, अंडमान-निकोबार सिविल सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने इंदौर का किया भ्रमण


इंदौर, 28 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा के 62वें बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान शनिवार को इंदौर का भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर शिवम वर्मा से भेंट की। कलेक्टर वर्मा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को इंदौर जिले में संचालित विकास कार्यों, नवाचारों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और स्वच्छता के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों के साथ ही शहर की पर्यटन संभावनाओं, ग्रीन सिटी की अवधारणा, हरित क्षेत्रों के विकास तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। उन्होंने इंदौर की विशिष्ट पहचान, नागरिक सहभागिता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की।

कलेक्टर ने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारियों में इंदौर की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों को लेकर विशेष उत्सुकता रही। यह भ्रमण उन्हें इंदौर के प्रशासनिक अनुभवों और नवाचारों को समझने का अच्छा अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी भविष्य में देश के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे। ऐसे में इंदौर की व्यवस्थाओं और अनुभवों से उनका परिचय कराना गौरव का विषय है।

प्रशिक्षु अधिकारी अपने इंदौर प्रवास के दौरान शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। उनके कार्यक्रम में लालबाग पैलेस , राजवाड़ा, 56 दुकान सहित अन्य प्रमुख दर्शनीय एवं विशिष्ट स्थलों का अवलोकन शामिल है। इस भ्रमण के माध्यम से उन्हें इंदौर की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान, खानपान और विकास की यात्रा को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story