मध्य प्रदेश टूरिज्म को मिला कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश टूरिज्म को मिला कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता पुरस्कार


- मुंबई में 10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 में प्रदेश को किया गया सम्मानित

भोपाल, 13 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड को कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त हुआ है। मुंबई के सिडको एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार की रात आयोजित प्रतिष्ठित '10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स (ईईए) 2026' में मध्य प्रदेश टूरिज्म को कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता (एक्सीलेंस कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट) का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है।

यह पुरस्कार देश के इवेंट, एक्जीबिशन और माइस (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेसिंग एंड एक्जीबिशन) सेक्टर के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माना जाता है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक दिलीप कुमार यादव ने टीम के साथ यह पुरस्कार ग्रहण किया।

प्रबंध संचालक यादव ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार पर्यटन विकास निगम की प्रतिबद्धता, व्यावसायिकता और अद्वितीय टीम वर्क का परिणाम है। मध्य प्रदेश पर्यटन लगातार अपने इंफ्रास्ट्रक्चर, आतिथ्य सेवाओं और आयोजन क्षमताओं को विश्वस्तरीय बना रहा है। राज्य में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर्स, बेहतरीन कनेक्टिविटी और बेमिसाल मेहमाननवाज़ी के कारण अब देश-विदेश के बड़े कॉर्पोरेट घराने और संगठन मध्यप्रदेश का रुख कर रहे हैं।

इवेन्ट्स के महाप्रबंधक विवेक जूड ने कहा कि मप्र पर्यटन निगम को यह राष्ट्रीय पुरस्कार राज्य में 20 से भी ज्यादा राष्ट्रीय और राज्य महत्व के बड़े सम्मेलनों के सफल प्रबंधन के लिए दिया गया है। निगम ने अपनी टीम के उत्कृष्ट प्रबंधन से एमपी ग्रोथ समिट 2025, एमपी टेक ग्रोथ समिट 2025, रीजनल एआई इम्पैक्ट समिट 2025, रीजनल इंडस्ट्री और एम्प्लॉयमेंट समिट और मध्य प्रदेश माइनिंग कॉन्क्लेव जैसे बेहद महत्वपूर्ण और हाई-इम्पैक्ट सम्मेलनों का कुशलतापूर्वक संचालन किया है।

मप्र टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक यादव ने कहा कि यह राष्ट्रीय पुरस्कार न केवल पर्यटन निगम की कुशल प्रबंधन क्षमता को दर्शाता है, बल्कि यह 'अतुल्य भारत का दिल' मध्य प्रदेश को बिजनेस टूरिज्म के क्षेत्र में एक अग्रणी ग्लोबल हब बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा। भविष्य में इससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों, रोजगार और ज्ञान-आधारित बड़े आयोजनों को और अधिक गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story