टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन इन्वेस्टर मीट आज भोपाल में, केंद्रीयमंत्री सिंधिया करेंगे शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन इन्वेस्टर मीट आज भोपाल में, केंद्रीयमंत्री सिंधिया करेंगे शुभारंभ


- 25 कंपनियों ने दिए 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव, आशय पत्र होंगे वितरित

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश को देश के प्रमुख टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आज राजधानी भोपाल के होटल ताज लेकफ्रंट में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (टीएमजेड), की इन्वेस्टर मीट आयोजित की जा रही है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मीट का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने बताया कि आयोजन में प्रदेश में दूरसंचार उपकरणों के विनिर्माण, तकनीकी निवेश और औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा होगी। केंद्रीय मंत्री सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इन्वेस्टर मीट में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन में निवेश के लिए 25 कंपनियों को आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) वितरित किए जाएंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, इन कंपनियों की ओर से 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावित हैं। इन निवेशों के माध्यम से 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके साथ ही ग्वालियर में लगभग 450 एकड़ क्षेत्र में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।

देश की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम कंपनियां करेंगी निवेश

उन्होंने बताया कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन में निवेश के लिए आशय पत्र प्राप्त करने वाली कंपनियों में देश की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार विनिर्माण कंपनियां शामिल हैं। इनमें वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, समृद्धि ऑटोमेशंस, ब्रांडवर्क्स टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी, ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटेलिकॉम कम्युनिकेशन, एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स, टेस्कॉम, नियोलिंक सॉल्यूशंस, ब्रुकविन वाइब्रे, प्रणव टेकवन, ज़ेटकेम सप्लाई चेन सर्विसेज, टेक्नोट्रेंड्ज़ सॉल्यूशंस, पाली टेक्नोलॉजीज, वीकेयर ब्रॉडकास्टिंग, सीबेरी टेकसॉल्यूशंस, रामायुष एंटरप्राइज, रियलटाइम बायोमेट्रिक्स, वृंदा नैनो टेक्नोलॉजीज, कोडास इनोवेशंस, स्विडो एनर्जी सॉल्यूशंस, एनरवांटा इलेक्ट्रॉनिक्स और नोहाटेक इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।

इन्वेस्टर मीट में दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स, नेटवर्किंग और संबंधित विनिर्माण क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों, संभावित निवेशकों और उद्योग संगठनों की सहभागिता रहेगी। इससे प्रदेश में टेलीकॉम उपकरणों के निर्माण के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, नेटवर्किंग उपकरणों और सहायक उद्योगों के लिए भी निवेश की संभावनाएं विकसित होंगी।

ग्वालियर में विकसित हो रहा एकीकृत टेलीकॉम विनिर्माण इको सिस्टम

जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, ग्वालियर में विकसित किया जा रहा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन देश में दूरसंचार उपकरण निर्माण को प्रोत्साहित करने वाली विशिष्ट एकीकृत औद्योगिक पहल है। परियोजना के प्रथम चरण में ग्वालियर आईटी पार्क एवं साडा क्षेत्र में लगभग 170 एकड़ भूमि पर प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक अधोसंरचना विकसित की जा रही है। इस परियोजना के लिए भारत सरकार से 493 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त है। इसके अतिरिक्त परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाओं के विकास के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए विशेष प्रोत्साहन भी दिए जा रहे हैं। इनमें 1 रुपए के प्रीमियम पर भूमि उपलब्ध कराने, 50 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान, स्टाम्प ड्यूटी की शत-प्रतिशत प्रतिपूर्ति तथा शुरुआती पांच वर्षों तक विद्युत दर में 2 रुपए प्रति यूनिट की छूट जैसे प्रावधान शामिल हैं।

टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन का विस्तार प्रदेश में उच्च तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, बड़े निवेश आकर्षित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ग्वालियर में इस औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार से मध्यप्रदेश राष्ट्रीय टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण आपूर्ति श्रृंखला में अपनी भागीदारी बढ़ाने के साथ ही नए औद्योगिक निवेश और तकनीकी गतिविधियों का केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779511 Articles

Share this story