देश और समाज की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शिवराज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
देश और समाज की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शिवराज सिंह


देश और समाज की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शिवराज सिंह


देश और समाज की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : शिवराज सिंह


- मण्डीदीप में शिक्षक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री

रायसेन, 06 सितंबर (हि.स.)। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माण करते हैं। देश और समाज की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

केन्द्रीय मंत्री चौहान रविवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले मण्डीदीप में आयोजित शिक्षक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री चौहान तथा क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र पटवा ने शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री चौहान ने सम्मानित शिक्षकों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विधायक पटवा ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए चलाई जा रहीं विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

मण्डीदीप सिविल अस्पताल में नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक का किया लोकार्पण

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को रायसेन जिले में मण्डीदीप स्थित शासकीय सिविल अस्पताल में नवनिर्मित सुसज्जित ओपीडी ब्लॉक का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक सुरेन्द्र पटवा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, वर्धमान ग्रुप के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राजीव आंगरा भी उपस्थित रहे।

वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड मण्डीदीप द्वारा सीएसआर फंड अंतर्गत इस ओपीडी ब्लॉक का निर्माण कराया गया है, जिसमें पांच कक्ष है। केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान तथा विधायक पटवा ने ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने वर्धमान ग्रुप को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका यह परोपकारी प्रयास आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। नागरिकों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने सीएमएचओ से सिविल अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, डॉक्टर्स की उपलब्धता, सहायक उपकरण, नवनिर्मित ओपीडी ब्लॉक में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी लेते हुए कहा कि सिविल अस्पताल में और अधिक स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। जिससे कि मरीजों को और अधिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले और उन्हें इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता ना पड़े।

कार्यकम में विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि सिविल अस्पताल मंडीदीप में वर्धमान टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड मंडीदीप द्वारा चेयरमैन एवं पद्मविभूषण एसपी ओसवाल के सहयोग से 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित 5 नवीन ओपीडी कक्षों का शुभारंभ हुआ है। इन नवीन ओपीडी कक्षों के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में यह एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री द्वारा मण्डीदीप सिविल अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story