गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : शिवराज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : शिवराज सिंह


गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता : शिवराज सिंह


सीहोर, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है और हमारा संकल्प है कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए केन्द्र और राज्य सरकारें निरंतर कार्य कर रही हैं।

केन्द्रीय मंत्री रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रेहटी में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज इस विद्यालय का लोकार्पण करते हुए मन अत्यंत प्रसन्न है। उनका सपना है कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं सरकारी स्कूलों में उपलब्ध हों। भवन अच्छा बनने के साथ ही विद्यालय में पढ़ाई का स्तर भी बेहतर होना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे पूरी लगन और समर्पण के साथ बच्चों का भविष्य संवारें, ताकि यहां के विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अपने क्षेत्र का नाम रोशन करें।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छे स्कूलों की कमी के कारण प्रतिभाशाली बच्चे भी आगे नहीं बढ़ पाते थे। निजी स्कूलों की फीस अधिक होने के कारण हर परिवार अपने बच्चों को वहां नहीं पढ़ा सकता। इसी सोच के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए सीएम राइज स्कूलों की कल्पना की थी, ताकि सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी बेहतर बन सकें। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इन विद्यालयों को सांदीपनि विद्यालय नाम दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रूम, खेल मैदान, संगीत एवं नृत्य की कक्षाएं सहित पढ़ाई और सर्वांगीण विकास की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी कल्पना है कि आसपास के गांवों के बच्चे भी स्कूल बसों से विद्यालय आएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करें।

केन्द्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें खूब पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि नशा नाश की जड़ है। रेहटी को नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं कभी नशा न करें और परिवार में भी कोई नशा करता है, तो उसे इसके दुष्परिणाम समझाएं।

उन्होंने रामायण की चौपाई 'परहित सरिस धर्म नहीं भाई, पर पीड़ा सम नहीं अधमाई' का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों का भला करने से बड़ा कोई धर्म नहीं और किसी को कष्ट पहुंचाने से बड़ा कोई पाप नहीं है। हम सभी को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए और किसी को परेशान नहीं करना चाहिए।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने रेहटी में लगभग 6.55 करोड़ की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी जैसी प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यहां ओपीडी प्रारंभ की जा रही है, जहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने संबंधित मंत्री एवं अधिकारियों से चर्चा कर अस्पताल में आवश्यक पदों की स्वीकृति, स्टाफ की व्यवस्था और शेष सुविधाएं शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रसव कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा एवं 50 बिस्तरों की व्यवस्था है। इतने भव्य भवन और सुविधाओं का लाभ क्षेत्र की जनता को मिलना चाहिए। इसके लिए अस्पताल का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोग यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल की शेष व्यवस्थाएं पूर्ण कराने में भी हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष रवि मालवीय, मध्य प्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला वारेला, सलकनपुर ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश उपाध्याय, नगर परिषद अध्यक्ष राजेन्द्र मीना पटेल, मारूती शिशिर, जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story