खरगे के टिप्पणी पर शिवराज सिंह का पलटवार, मप्र के मुख्यमंत्री ने भी की कड़े शब्दों में निंदा

WhatsApp Channel Join Now
खरगे के टिप्पणी पर शिवराज सिंह का पलटवार, मप्र के मुख्यमंत्री ने भी की कड़े शब्दों में निंदा


भोपाल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर मध्य प्रदेश में सियासी पारा गर्म हो गया है। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां खरगे पर पलटवार किया है, तो वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाराजगी जताते हुए उनके बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है।

दरअसल, पटना में रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के पिता पर टिप्पणी की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खरगे की टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों के परिजनों को राजनीति में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है। राजनीतिक विरोध के दौरान भी गरिमा और शालीनता का ध्यान रखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के इस आचरण की आलोचना करते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और इस तरह की बयानबाजी को कभी माफ नहीं करेगी।

क्या सोनिया-राहुल के इशारे पर दिया बयान? : शिवराज सिह

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मन बहुत व्यथित है। मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा थी कि वे मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के पूज्य पिताजी के बारे में ऐसी अमर्यादित भाषा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है। ऐसा लगता है कि पराजित होते-होते कांग्रेस इतनी बौखला गई है कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठी है।

शिवराज सिंह ने सोनिया गांधी से सवाल किया कि क्या खरगे ने यह भाषा उनके या राहुल गांधी के इशारे पर इस्तेमाल की है? क्या इस तरह की अमर्यादित भाषा को गांधी परिवार का समर्थन प्राप्त है? यदि ऐसा नहीं है, तो क्या वे खरगे से इस्तीफा लेंगी? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मामले में जवाब देना चाहिए।

शिवराज सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पद को गांधी परिवार अपनी बपौती समझता था, जबकि नरेन्द्र मोदी करोड़ों लोगों के दिलों में बसते हैं। इस तरह की टिप्पणी करके जनता का समर्थन नहीं जीता जा सकता।

कांग्रेस राजनीतिक दल नहीं, गुंडों का गिरोह बन गईः रामेश्वर शर्मा

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने खरगे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले राहुल गांधी और पार्टी के दूसरे नेता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते थे, अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी उसी तरह बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि खरगे वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने संसदीय परंपराओं को देखा है। ऐसे में उन्हें भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था। शर्मा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस नेताओं की ऐसी बयानबाजी का जवाब देगी।

खरगे ने हद कर दीः विश्वास सारंग

मप्र के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लोकतंत्र की मर्यादा तोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता के बारे में टिप्पणी के बाद अब उनके स्वर्गीय पिता को लेकर इस तरह की बातें करना शोभा नहीं देता। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के लिए इतना नीचे उतरना भारतीय संस्कार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी शब्दावली का कोई स्थान नहीं है। खरगे ने जो कहा है, वह अक्षम्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ रही है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766792 Articles

Share this story