किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही सरकार: शिवराज सिंह
- केंद्रीय कृषि मंत्री बुधनी में आयोजित राष्ट्रीय उन्नत कृषि यंत्रीकरण प्रदर्शनी में शामिल हुए
सीहोर/भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को समृद्ध बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान मंगलवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी स्थित केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) में आयोजित राष्ट्रीय उन्नत कृषि यंत्रीकरण प्रदर्शनी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बुधनी की यह धरती अद्भुत है। यहाँ के कण-कण में कृषि का कौशल है। यहाँ के खेतों में खुशहाली लहलहाती है। यहाँ सलकनपुर वाली मैया की कृपा बरसती है और हम सबको जीवन देने वाली, मोक्षदायिनी नर्मदा मैया की अमृतधारा हम सबके कंठों की भी और सूखे खेतों की भी प्यास बुझाती है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि बुधनी की इस पावन धरा पर आज जो प्रदर्शनी लगाई गई है, यह हमारे देश की कृषि की तकनीकी से समृद्धि तक की यात्रा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारा भारत वह देश है, जिसने दुनिया को खेती करना सिखाया है। आज भी कृषि हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों की आय बढ़ाना है तो यह केवल परंपरागत तकनीकों से संभव नहीं है, इसके लिए हमें खेती में उन्नत एवं आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को मशीनों के प्रयोग का, प्रदर्शन का और किसानों के लिए प्रशिक्षण का देश का सबसे प्रमुख सेंटर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संस्थान है, जो कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य है कि सभी किसानों को खेती के लिए आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे लागत कम हो और उत्पादन अधिक हो सके।
केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि उत्पादन अधिक हो सके, इसके लिए प्रयोगशालाओं में उच्च गुणवत्ता के बीज तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर उत्पादन के लिए बेहतर बीजों की आवश्यकता होती है, इसलिए बुधनी में नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन के माध्यम से एक बीज प्रोसेसिंग सेंटर बनाया जाएगा, जो नए-नए बीज तैयार करेगा और किसानों को उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम में विधायकगण रमाकांत भार्गव, सुदेश राय व गोपाल सिंह इंजीनियर, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम की अध्यक्ष निर्मला बारेला, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, पूर्व विधायक राजीव सिंह, रघुनाथ भाटी, रवि मालवीय, संयुक्त सचिव भारत सरकार रुक्मणी सुंदरम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, स्व-सहायता समूह की दीदियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

