डिजिटल युग के साथ कदमताल कर रहा डाक विभाग, नागरिकों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं: सिंधिया

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल युग के साथ कदमताल कर रहा डाक विभाग, नागरिकों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं: सिंधिया


डिजिटल युग के साथ कदमताल कर रहा डाक विभाग, नागरिकों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं: सिंधिया


डिजिटल युग के साथ कदमताल कर रहा डाक विभाग, नागरिकों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं: सिंधिया


- केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अशोकनगर के नवनिर्मित प्रधान डाकघर भवन का किया लोकार्पण

भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग समय के साथ स्वयं को निरंतर आधुनिक बना रहा है और डिजिटल युग के साथ कदमताल करते हुए नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। डाकघर आज केवल पत्रों के आदान-प्रदान का केंद्र नहीं, बल्कि विभिन्न डाक, वित्तीय और नागरिक सेवाओं का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को पधान डाकगऱ भवन के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अशोकनगर में भारत सरकार की डाकघर आधुनिकीकरण की महत्वाकांक्षी पहल के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित प्रधान डाकघर भवन का लोकार्पण किया। यह भवन डाक सेवाओं को आधुनिक, सुविधाजनक और नागरिक केंद्रित बनाया गया है।

सिंधिया ने कहा कि नवनिर्मित भवन का अभिकल्पना स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए), नई दिल्ली के डिजाइन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है। पुराने भवन के स्थान पर तैयार इस आधुनिक परिसर में अशोकनगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए आकर्षक स्वरूप के साथ नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। भवन के बाहरी और आंतरिक स्वरूप को आधुनिक बनाया गया है। यहां ‘जन सेवा कनेक्ट’ थीम के बहुउद्देशीय नागरिक सुविधा केंद्र की परिकल्पना की गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। यह केंद्र युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के लिए उपयोगी होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधान डाकघर का आधुनिकीकरण केवल भवन के नवनिर्माण और सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे आधुनिक जनसेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल है। यहां बेहतर सेवा वातावरण और आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों को स्पीड पोस्ट, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार, पार्सल, पासपोर्ट सहित अन्य डाक एवं वित्तीय सेवाएं अधिक सुविधाजनक ढंग से उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि नवनिर्मित प्रधान डाकघर भवन से अशोकनगर के नागरिकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ डाक सेवाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा। यह पहल डाक विभाग को बदलते समय और डिजिटल तकनीक के अनुरूप विकसित करने के साथ ही आमजन तक सेवाओं की पहुंच को अधिक सुगम बनाने में सहायक होगी।

सिंधिया ने ग्राम चौपाल में ग्रामीओं से किया संवाद, कहा- प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गाँव हो रहे सशक्त

इससे पहले सिंधिया ने अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा अंतर्गत ग्राम सेमरखेड़ी में आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों, किसानों और महिलाओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएँ आज गाँव-गाँव तक पहुँच रही हैं। इन योजनाओं से ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है तथा गाँव सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

ग्राम चौपाल में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने यह समझने का प्रयास किया कि सरकारी योजनाओं से ग्रामीण परिवारों के जीवन में किस प्रकार के बदलाव आए हैं और उन्हें किन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।

सिंधिया ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाने और विकास की प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए।

बैलगाड़ी पर सवार होकर बढ़ाया किसान का उत्साह

ग्राम चौपाल के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया का ग्रामीण परिवेश के प्रति आत्मीय जुड़ाव भी देखने को मिला। उन्होंने एक किसान का उत्साहवर्धन करते हुए सजी-धजी बैलगाड़ी की सवारी की। रंग-बिरंगी पगड़ी पहने सिंधिया बैलगाड़ी पर खड़े होकर ग्रामीणों का अभिवादन करते नजर आए। उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज ने ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

चौपाल के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने महिलाओं, किसानों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना। उन्होंने लाभार्थियों से यह भी जाना कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से उन्हें किस प्रकार लाभ मिला है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभाव किस रूप में दिखाई दे रहा है। ग्राम चौपाल के माध्यम से केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति को समझा।

किला कोठी, चंदेरी में सुनीं आमजन की समस्याएं

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी स्थित किला कोठी में शनिवार को आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी पहल करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story