मप्र के अशोकनगर जिले में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सुनी जनता की समस्याएं, 950 में से 280 आवेदनों का मौके पर निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के अशोकनगर जिले में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सुनी जनता की समस्याएं, 950 में से 280 आवेदनों का मौके पर निराकरण


मप्र के अशोकनगर जिले में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सुनी जनता की समस्याएं, 950 में से 280 आवेदनों का मौके पर निराकरण


अशोक नगर, 05 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के ईसागढ़ में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लगभग 2.5 से 3 घंटे में स्वयं 950 आवेदन प्राप्त किए, जिनमें से 280 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, शेष 670 मामलों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान ईसागढ़ की प्रियंका को दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए आवश्यक जाति प्रमाण पत्र तत्काल उपलब्ध कराया, वहीं एक पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया गया। इसके अलावा फौती नामांतरण, मृत्यु प्रमाण पत्र, सहायता राशि एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े मामलों का भी मौके पर निराकरण किया गया, जिससे आमजन में संतोष और विश्वास का माहौल बना।

टोकन प्रणाली से सुव्यवस्थित जनसुनवाई

कार्यक्रम के दौरान टोकन प्रणाली के माध्यम से आवेदनों का क्रमबद्ध पंजीकरण किया गया, जिससे प्रत्येक आवेदक को व्यवस्थित तरीके से अपनी बात रखने का अवसर मिला। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर मामले का निराकरण हो और जिसका न हो उसका कारण प्रस्तुत किया जाए। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना, बीपीएल कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मातृशक्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदनों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कई मामलों में मौके पर ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, जिसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री ने पिछले वर्ष जनसुनवाई की इस प्रभावी पहल को शुरू किया था। अब इसका दूसरा चरण चल रहा है जिसमें आज पांचवीं जनसुनवाई की गई। इससे पहले अपने संसदीय क्षेत्र के पिछले दौरे पर मार्च में केंद्रीय मंत्री में म्याना और बजरंगगढ़ में जनता की हजारों समस्याओं का समाधान किया था। इस प्रवास पर पिछले दिनों उन्होंने पिपराई और कचनार में जनसुनवाई की और यह सिलसिला आज चंदेरी विधानसभा के ईसागढ़ पहुंचा। पहले पंजीकरण और ऑनलाइन ट्रैकिंग से केंद्रीय मंत्री ने सुनिश्चित किया है। क्षेत्र के हर व्यक्ति तक वे पहुंच पायें और उनकी हर संभव सहायता कर पाएं।

सिंधिया ने फूंक बावडी और किले का किया निरीक्षण

शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन के लिए केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को ईसागढ़ की प्राचीन फूंक बावडी एवं किले पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किये गये साफ सफाई कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने नगर परिषद को आश्स्वत किया कि इस सुंदर बावडी का सत्यापन और निरीक्षण भारत सरकार की टीम द्वारा कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्राचीन धरोहरों को चंदेरी की तरह ईसागढ़ में भी संवारा जायेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story