केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मप्र के अशोकनगर में सुनी लोगों की समस्या, 512 आवेदन में 121 का मौके पर निराकरण
अशेाक नगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने मध्य प्रदेश के तीसरे दिन शनिवार को अशोकनगर जिले के ग्राम कचनार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए 3 घंटे से अधिक समय तक उपस्थित रहकर प्रत्येक आवेदक से संवाद किया और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 512 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 121 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 391 आवेदनों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में विश्वास और संतोष का भाव देखने को मिला।
टोकन प्रणाली और ऑनलाइन ट्रैकिंग से पारदर्शिता
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सभी शिकायतों का टोकन प्रणाली के अंतर्गत पंजीकरण किया गया तथा लंबित मामलों की ऑनलाइन ट्रैकिंग सुनिश्चित की जाएगी। इससे प्रत्येक आवेदक अपनी समस्या की स्थिति को आसानी से जान सकेगा और समाधान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के समाधान का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि हर नागरिक तक पहुंचकर उसकी समस्या का समाधान करना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, लड्डूराम कोरी, जिला पंचायत सदस्य शीला जाटव, कलेक्टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।
विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास
केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री सिंधिया ने आज अशोकनगर जिला मुख्यालय स्थित विमानों के चबूतरा पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मौके पर हितलाभ का वितरण किया गया। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा 84 लाख रुपये की लागत के 04 कार्यो का लोकार्पण तथा 02 कार्य लागत 24 लाख रूपये के कार्यो का भूमिपूजन किया। इनमें आंगनवाडी भवन, पुलिया निर्माण, सीसी रोड के कार्यो शामिल हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि अशोकनगर का परचम विकास के नाम पर, प्रगति के नाम पर मध्य प्रदेश के पटल पर स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाए। इस संकल्प और लक्ष्य के आधार पर अशोकनगर को विकास और प्रगति की ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार विकास एवं प्रगति के लिए संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान सिंधिया एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। जनसुनवाई कायक्रमों के माध्यम से आमजन को समस्याओं का निराकरण कराया गया। जब आवेदकों की समस्याओं का निराकरण होता है तो उनके चेहरे पर संतुष्टि की मुस्कुराहट दिखती है तो अंतरआत्मा में सेवाभाव की संतुष्टि होती है। उन्होंने कहा कि आज कचनार में जनसुनवाई कार्यक्रम में 550 आवेदनों मे से 100 आवेदनों का निराकरण मौके पर किया। एक-एक आवेदन का निराकरण कराया जाएगा। आवेदनों का निराकरण होने पर चिठ्ठी के माध्यम से अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य सेवा हेतु विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराये गये। शिविर में ओपीडी एवं ऑपरेशन हेतु मरीजों का नि:शुल्क उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि अशोकनगर में दिव्यांगों के लिए स्पेशल केम्प का आयोजन कराया गया था। दिव्यांगजनों को नि:शुल्क उपकरण दिलाने का कार्य किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

