सिंधिया ने खुद को बताया ‘डब्बा मंत्री’, युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने की दी सलाह

WhatsApp Channel Join Now
सिंधिया ने खुद को बताया ‘डब्बा मंत्री’, युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने की दी सलाह


सिंधिया ने खुद को बताया ‘डब्बा मंत्री’, युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने की दी सलाह


सिंधिया ने खुद को बताया ‘डब्बा मंत्री’, युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने की दी सलाह


- ग्वालियर में यंग थिंकर्स के फोरम में सिंधिया बोले- मोबाइल का इस्तेमाल ज्ञान और क्षमता बढ़ाने में करें

ग्वालियर, 21 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शनिवार को ग्वालियर में आयोजित यंग थिंकर्स फोरम के आठवें संस्करण में युवाओं के बीच अपने अलग अंदाज में नजर आए। मोबाइल फोन की बढ़ती लत पर बात करते हुए उन्होंने इसे ‘डब्बा’ कहकर संबोधित किया और मजाकिया लहजे में खुद को ‘डब्बा मंत्री’ बता दिया। उनकी इस टिप्पणी पर सभागार में मौजूद युवा हंस पड़े। सिंधिया ने युवाओं को सलाह दी कि वे दिन में कम से कम दो घंटे मोबाइल से दूर रहें। इसका इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान बढ़ाने, शोध करने और नई तकनीक से जुड़ने के लिए करें।

ग्वालियर में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों से आए करीब 300 युवा विचारक हिस्सा ले रहे हैं। इस बार फोरम का विषय ‘भारतवर्ष का पुनर्जागरण’ रखा गया है। इसमें भारतीय सभ्यता, संस्कृति, अध्यात्म, विज्ञान और वैश्विक परिदृश्य सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। शनिवार को फोरम का दूसरा दिन था, जिसमें केन्द्रीय मंत्री शामिल हुए और युवाओं से संवाद किया।

युवाओं की सोच से विकसित भारत का भरोसा

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सिंधिया ने युवाओं की विचार क्षमता और सवाल पूछने के अंदाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में गंभीर विषयों पर सोचने और सवाल उठाने की क्षमता दिखाई दे रही है। युवाओं की ऊर्जा और विचारों को देखकर विश्वास होता है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने की जिम्मेदारी सक्षम हाथों में होगी।

11 सत्रों में 16 वक्ता रखेंगे अपनी बात

यंग थिंकर्स फोरम के इस संस्करण में कुल 11 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त और अभिनेता-लेखक पीयूष मिश्रा सहित 16 वक्ता युवाओं से संवाद कर रहे हैं। चर्चा के प्रमुख विषयों में भारतीय सभ्यता, अध्यात्म, विज्ञान, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और नैरेटिव वॉर शामिल हैं। आयोजन के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर के अनुसार, इस मंच का उद्देश्य युवाओं को भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ उन्हें स्वतंत्र रूप से विचार रखने का अवसर देना है।

पुस्तक प्रदर्शनी के साथ एआई की कार्यशालाएं भी

वैचारिक सत्रों के अलावा आयोजन स्थल पर पुस्तक प्रदर्शनी और लेखकों के साथ संवाद के कार्यक्रम भी रखे गए हैं। भारतीय विरासत और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र हैं। डिजिटल तकनीक के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें सामग्री निर्माण, मंदिर कला और डिजिटल माध्यमों पर प्रभावी विमर्श तैयार करने जैसे विषयों की जानकारी दी जा रही है। आयोजन के जरिए युवाओं को विचारशील बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781224 Articles

Share this story