मप्र की महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल मॉडल को यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव ने सराहा

WhatsApp Channel Join Now
मप्र की महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल मॉडल को यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव ने सराहा


भोपाल, 30 जून (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव शोको इशिकावा ने मध्य प्रदेश में 'महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा' के विज़न को साकार करते हुए एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा चलाई जा रही 'महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल (एसटीडीडब्ल्यू) परियोजना की सराहना की है।

मंगलवार को भोपाल में एमपी टूरिज्म बोर्ड में आयोजित एक विशेष सत्र में यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटेटिव शोको इशिकावा ने एसटीडीडब्ल्यू परियोजना की प्रशिक्षित बालिकाओं से सीधा संवाद किया और उनके अनुभवों व उपलब्धियों को जाना। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षित बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं के लिए सुरक्षित और समावेशी पर्यटन के वैश्विक दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी इस परियोजना की सबसे बड़ी ताकत है।

महिला पर्यटकों के लिए सबसे सुरक्षित राज्य बनाने का संकल्प

एमपी टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को महिला पर्यटकों के लिए देश का सबसे सुरक्षित और संवेदनशील पर्यटन गंतव्य बनाना है। प्रदेश में सुरक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के समन्वित प्रयासों से महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित हो रहे हैं तथा पर्यटन क्षेत्र अधिक समावेशी बन रहा है।

हस्तनिर्मित उपहारों में दिखी आत्मनिर्भरता की झलक

एसटीडीडब्ल्यू प्रोजेक्ट पर हुए संवाद के दौरान परियोजना से जुड़ी महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपने कौशल का परिचय देते हुए अतिथियों को स्वयं निर्मित हस्तशिल्प भेंट किए। इनमें हस्तनिर्मित स्मृति चिन्ह, फैब्रिक ज्वेलरी, फेंगशुई कलाकृतियां शामिल हैं। इन उत्पादों ने न केवल स्थानीय कला और रचनात्मकता को प्रदर्शित किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि परियोजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी रूप से कार्य कर रही है।

बैठक के दौरान यूएन विमेन के प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना के तहत विकसित कौशल प्रशिक्षण मॉडल, सामुदायिक सहभागिता और महिलाओं के आत्मविश्वास में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए इसे एक प्रभावी और प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर यूएन विमेन इंडिया की कंट्री डिप्टी रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह और स्टेट रिप्रेजेंटेटिव जोयात्री राय भी उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story