शरद पूर्णिमा पर भोपाल में एक करोड़ अर्चन का अनुष्ठान, 20 हजार कलशों पर सजे दीपों से जगमगाया पंडाल

WhatsApp Channel Join Now
शरद पूर्णिमा पर भोपाल में एक करोड़ अर्चन का अनुष्ठान, 20 हजार कलशों पर सजे दीपों से जगमगाया पंडाल


- रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में मां राजराजेश्वरी की आराधना

भोपाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में सोमवार को शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्री राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुमकुम अर्चन का भव्य आयोजन किया गया। सद्गुरु देव रावतपुरा सरकार के सान्निध्य में संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां राजराजेश्वरी की आराधना की। आयोजन स्थल पर 20 हजार कलशों के ऊपर इतने ही दीपक सजाए गए, जिनकी रोशनी से पूरा पंडाल आलोकित हो उठा।

अनुष्ठान के लिए पूजन और हवन में इस्तेमाल होने वाली विशेष सामग्री देश के विभिन्न राज्यों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी मंगाई गई थी। आयोजकों के अनुसार, धार्मिक अनुष्ठान में करीब 238 प्रकार की पूजन सामग्री का उपयोग किया गया। श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री अपने साथ लाने की आवश्यकता नहीं थी।

कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि पहुंचे

इस धार्मिक आयोजन में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और खेल मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधायक रामेश्वर शर्मा तथा सांसद आलोक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने मां राजराजेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आयोजन को अद्भुत और अकल्पनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतने विशाल और मनमोहक धार्मिक कार्यक्रम को देखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अनुष्ठान में शामिल होकर हजारों लोगों ने देश और प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। उनके अनुसार, यह आयोजन भारत की प्राचीन परंपराओं, सभ्यता और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। आयोजन का भव्य स्वरूप देखकर वे अभिभूत हैं।

भोपाल में आयोजन को महापौर ने बताया गौरव की बात

भोपाल की महापौर मालती राय ने कहा कि मां राजराजेश्वरी की इतनी विशाल पूजा के आयोजन से शहरवासियों को उनके आशीर्वाद का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान के लिए भोपाल की धरती का चयन होना शहर के लिए गौरव का विषय है। महापौर ने मां राजराजेश्वरी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर बदली गई यातायात व्यवस्था

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए लाल परेड मैदान के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। दोपहर तीन बजे से कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767378 Articles

Share this story