मप्र के रतलाम में गाय का कटा सिर मिलने पर भड़के हिंदू संगठन, सड़क पर अवशेष रखकर किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के रतलाम में गाय का कटा सिर मिलने पर भड़के हिंदू संगठन, सड़क पर अवशेष रखकर किया चक्काजाम


मप्र के रतलाम में गाय का कटा सिर मिलने पर भड़के हिंदू संगठन, सड़क पर अवशेष रखकर किया चक्काजाम


रतलाम, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर में गुरुवार को गाय का कटा सिर मिलने के बाद हिंदू संगठन भड़क गए हैं। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने गाय का कटा सिर लेकर सड़क पर बैठकर चक्काजाम शुरू कर दिया है। फिलहाल हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं।

रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र स्थित सिविक सेंटर इलाके में आज गाय के कटे सिर और अन्य अवशेष मिलने की सूचना पर हिंदू संगठनों और गोरक्षा से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने विरोध जताते हुए सड़क पर गाय के अवशेष रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी गनी शक्तावत ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गौ माता के अवशेष मिले हैं, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने सभी को झकझोर दिया। यह सिर्फ अवशेष नहीं थे, बल्कि गाय के शरीर का आधा हिस्सा था। रतलाम में इस तरह की यह दूसरी घटना है। कार्यकर्ता तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन हर बार केवल आश्वासन देता है, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम सड़क से गायों को पकड़कर छोड़ देता है। निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलती रहती हैं। गौ रक्षा से जुड़े कार्यकर्ताओं को लगातार डराया और धमकाया जा रहा है। जब तक गौमाता के पूरे अवशेष बरामद नहीं होंगे, तब तक हम यहां से नहीं हटेंगे। थाने में आवेदन देने के बाद भी पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं करती।

प्रदर्शनकारी लोकेंद्र टॉकीज चौराहे से सैलाना बस स्टैंड की ओर बढ़ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ता नगर निगम कमिश्नर को मौके पर बुलाने और निगम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दोबारा सड़क पर बैठ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। प्रभारी सीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी किशोर पाटन वाला, ट्रैफिक डीएसपी आनंद सोनी समेत शहर के चारों थाना का प्रभारी और पुलिस फोर्स मौजूद है। एसडीएम आर्ची हरित सहित कई अधिकारी हालात को संभालने में जुटे रहे। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि मिले अवशेषों की जांच कर पूरे मामले की पुष्टि की जा सके।

जिस क्षेत्र में गाय के अवशेष मिले हैं, वह नगर निगम और निजी जमीन का हिस्सा बताया जा रहा है। यहां एक समुदाय विशेष के घुम्मड़/साठिया समुदाय के लोग अवैध रूप से झोपड़ियां बनाकर रहते हैं। हिंदू संगठनों ने इन्हीं लोगों पर घटना को लेकर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब एक साल पहले भी इसी इलाके में ऐसा ही मामला सामने आया था। तब प्रशासन ने सात दिन के भीतर अवैध झोपड़ियां हटाने की बात कही थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

मौके पर अपर कलेक्टर डॉ शालिनी श्रीवास्तव, एएसपी विवेक कुमार लाल, निगम कमिश्नर अनिल भाना पहुंचे है। वे प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि सात दिन के भीतर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जहां अवैध झोपड़ियां बनी हैं, उन्हें हटाने की बात भी कही गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story