मप्र के रतलाम में दो सड़क हादसों में पंजाब और गुजरात के 4 लोगों की मौत, 8 घायल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के रतलाम में दो सड़क हादसों में पंजाब और गुजरात के 4 लोगों की मौत, 8 घायल


रतलाम, 29 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह अलग-अलग समय हुए दो सड़क हादसों में पंजाब और गुजरात के चार लोगों की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गए।

दोनों हादसों में पंजाब और गुजरात के परिवारों की कारें एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रेलिंग से टकराने के बाद करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरीं। मृतकों में पंजाब की सास-बहू और गुजरात के परिवार का एक कार चालक सहित दो पुरुष शामिल हैं। सभी घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

पहला हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुआ। थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया ने बताया कि पंजाब का एक परिवार कार से मुंबई की ओर जा रहा था। कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे खाई में जा गिरी। चालक को झपकी आने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि हादसे में नरेंद्र कौर (67) और उनकी बहू मनप्रीत कौर (32) की मौत हो गई। हादसे के बाद सुबह वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जावरा के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे की वजह

पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की बीच वाली रेलिंग टूट गई थी। पुलिसकर्मी सुबह करीब साढ़े छह बजे घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे थे, तभी इसी स्थान पर एक और कार हादसे का शिकार हो गई। गुजरात नंबर की कार तेज गति से आती हुई हवा में उछली और एक्सप्रेस-वे के बीच बनी बाउंड्री से टकराकर खाई में जा गिरी।

पुलिस के मुताबिक, दूसरी कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था। यह परिवार उत्तर प्रदेश से इलाज करवाकर वापस लौट रहा था। हादसे में कार में सवार दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

कार चालक रवि हटीला की भी मौत

दूसरे हादसे में 35 वर्षीय रवि हटीला कार चला रहे थे। हादसे में उनकी मौत हो गई। उनकी पत्नी रेणुका और काका मनसुख भाई रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। परिवार में 12 वर्षीय बेटा कार्तिक, 10 वर्षीय बेटी पूर्वी और आठ वर्षीय आयुष हैं। हादसे के बाद दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में शव दबे हुए मिले। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों कारों को खाई से बाहर निकलवाया। पुलिस ने हादसों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story