केंद्रीय मंत्री शिवराज ने रायसेन में उन्नत कृषि प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री शिवराज ने रायसेन में उन्नत कृषि प्रदर्शनी का किया शुभारंभ


केंद्रीय मंत्री शिवराज ने रायसेन में उन्नत कृषि प्रदर्शनी का किया शुभारंभ


भोपाल, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के उन्नत कृषि महोत्सव में प्रदर्शनी का शुक्रवार देर शाम केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में कृषि यंत्रों के स्टॉल, विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों, जैविक उत्पाद, देशभर से आए आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों के स्टॉल सहित अन्य स्टॉल का निरीक्षण किया और जानकारी ली।

दरअसल, केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा रायसेन के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के उन्नत कृषि महोत्सव प्रदर्शनी सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को इसका शुभारंभ करेंगे।

उन्नत कृषि महोत्सव से पहले शुक्रवार देर शाम यहां प्रदर्शनी का केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी सहित अन्य विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बताया गया कि प्रदर्शनी में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर कृषि, बागवानी, सिंचाई, उर्वरक, बीज, कीटनाशक, कृषि यंत्रीकरण, डिजिटल कृषि और फसल बीमा से जुड़ी नवीनतम तकनीकें और मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्नत कृषि महोत्सव में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक और सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों का लाइव प्रदर्शन भी होगा। इसका उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों को सीधे समझने और उन्हें अपने खेतों में अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पूरे आयोजन स्थल को तीन बड़े हैंगरों में विभाजित किया गया है। पहले हैंगर में कृषि यंत्र, सिंचाई, बीज और नवाचार से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं।

दूसरे हैंगर में पशुपालन, डेयरी, सहकारी संस्थाएं और ग्रामीण विकास से जुड़े विभाग शामिल हैं। तीसरे हैंगर में उद्घाटन कार्यक्रम, तकनीकी सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रदर्शनी में किसानों के लिए वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं से सीधे संवाद की व्यवस्था भी की गई है। इससे किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार व्यावहारिक समाधान मिल सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story