लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे राहुल गांधीः अर्जुनराम मेघवाल

WhatsApp Channel Join Now
लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे राहुल गांधीः अर्जुनराम मेघवाल


लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे राहुल गांधीः अर्जुनराम मेघवाल


कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपनी साख खो चुके, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं पर उठा रहे सवालः केन्द्रीय कानून मंत्री

जबलपुर, 02 नवम्बर (हि.स.)। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को धमकाकर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी और उसके नेता अपनी साख खो चुके हैं, इसलिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। लोकतंत्र को बचाने और अराजकता फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए जनता आगे आए।

केन्द्रीय मंत्री मेघवाल सोमवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ संकल्प पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे। जबलपुर के शहीद स्मारक गोल बाजार में आयोजित ढाई किमी से अधिक लंबी इस पदयात्रा में एक लाख से अधिक से अधिक लोग उमड़े। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने भी पदयात्रा में सहभागिता कर जनसैलाब को संबोधित किया।

जनता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध

केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि पदयात्रा में जिस उत्साह और बड़ी संख्या में जनता की सहभागिता देखने को मिली है, वह इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि 06 अक्टूबर को राहुल गांधी और उनके कुछ विपक्षी दलों के सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे। चुनाव आयोग ने उनसे पूछा कि आप कितने लोग मिलना चाहते हैं और आपका ज्ञापन क्या है? आप प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम दे दीजिए, आपसे मुलाकात की जाएगी। लेकिन उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के नाम नहीं दिए और इसके बाद अराजकता फैलाने के लिए सड़क पर उतर गए। आपने वह पूरा दृश्य देखा होगा कि किस तरह धक्का-मुक्की हुई। यह सब अराजकता का ही उदाहरण है।

मेघवाल ने कहा कि विपक्षी दलों के 10 लोग राष्ट्रपति जी से मिले। राष्ट्रपति जी ने उनसे कहा कि आप जो आरोप लगा रहे हैं, उसके प्रमाण प्रस्तुत कीजिए। लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ कि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया जस्टिस सूर्यकांत जी को सामने आकर इस विषय पर अपनी बात रखनी पड़ी। 11 अक्टूबर की रात और 12 अक्टूबर 2026 को उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट में कोई भी व्यक्ति याचिका के माध्यम से अपनी बात रख सकता है। हम याचिकाओं को सुनते हैं। यदि आपको याचिका लगानी है तो लगाइए, हम सुनेंगे। लेकिन इस तरह कुछ करने और धमकाने वाली भाषा का हम समर्थन नहीं करते।

कांग्रेस और विपक्षी दल देश के नेतृत्व को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे

केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दल देश के नेतृत्व को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ‘मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे’ गीत गाकर कहा कि कांग्रेस पार्टी और विपक्षी दल कितने भी षड्यंत्र कर ले, प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। वह आने वाले सालों में देश का नेतृत्व करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब देश के मुख्य न्यायाधीश को इस तरह स्पष्ट रूप से कहना पड़ा कि सुप्रीम कोर्ट को कोई धमका नहीं सकता। इसका अर्थ है कि राहुल गांधी और उनके साथी देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे थे। आज जबलपुर की सड़कों पर इतनी बड़ी संख्या में आप सभी इसलिए आए हैं कि हम लोकतंत्र को बचाएंगे, अराजकता फैलाने वालों को सबक सिखाएंगे और अराजकता को हटाएंगे। यही हमारा संकल्प है और यही हमारा काम है।

विभिन्न स्थानों से होकर निकली पदयात्रा, हुआ भव्य स्वागत

‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ‘ विशाल पदयात्रा शहीद स्मारक गोल बाजार से प्रारंभ होकर श्याम टॉकीज, सुपर मार्केट, लार्डगंज चौक, धमण्डी चौक, बड़ा फुहारा, खजांची चौक, अंधेरदेव, तुलाराम चौक, करमचंद चौक, बगलामुखी मंदिर, मालवीय चौक से शहीद स्मारक होते हुए पुनः गोल बाजार पहुंचकर समापन हुआ। यात्रा के ढाई किलोमीटर के मार्ग में 80 स्वागत मंच लगाए गए, जिसमें विभिन्न जाति समाज, स्वयंसेवी संगठन, खेल संगठन के पदाधिकारियों ने मंच से पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। हजारों की संख्या में अधिवक्ता, व्यापारी, महिलाओं ने हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक लाख से अधिक लोग पदयात्रा में शामिल हुए।

पदयात्रा में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल, संपतिया उइके, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, सांसद आशीष दुबे, सुमित्रा वाल्मीकि, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री शरद जैन, जिला प्रभारी पूर्व सांसद आलोक संजर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायकगण सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी, खेल संगठनों के प्रमुख, शहर के गणमान्यजन, मातृशक्ति सहित करीब एक लाख लोग शामिल हुए।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771383 Articles

Share this story