राष्ट्रपति गुरुवार को बैतूल में आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण महासम्मेलन में होंगी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति गुरुवार को बैतूल में आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण महासम्मेलन में होंगी शामिल


बैतूल, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल में गुरुवार, 18 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” महासम्मेलन का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, विधायक हेमन्त खंडेलवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।

जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति का सुबह 10.50 बजे मिलानपुर टोल नाका हेलीपैड पर आगमन होगा। स्वागत के पश्चात राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पौधरोपण करेंगी और इसके बाद ब्रम्हकुमारी के वरिष्ठ सदस्यों के साथ फोटो सेशन होगा। इसके पश्चात कार्यक्रम स्थल पर विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन होगा। मुख्य कार्यक्रम मंच पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के बाद द्वीप प्रज्वलन होगा। इस दौरान मंच पर उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा राष्ट्रपति का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत अभिनन्दन किया जाएगा। राजयोगिनी बीके मंजु दीदी द्वारा स्वागत उदबोधन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी।

राष्ट्रपति कलश एवं ध्वज द्वारा महासम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। तत्पश्चात क्रमशः जोनल संचालक राजयोगिनी बीके शैलजा दीदी, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके व राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा उद्बोधन होगा। इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा उद्बोधन दिया जाएगा। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के पश्चात राष्ट्रपति मिलानपुर टोल नाका हेलीपेड के लिये प्रस्थान करेगी। यहां से दोपहर 12:45 बजे राष्ट्रपति ओंकारेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी।

कमिश्नर, कलेक्टर एवं एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आयोजित “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” कार्यक्रम की तैयारियों का बुधवार को कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की अंतिम तैयारियों एवं फाइनल रिहर्सल का अवलोकन किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली गई है। कार्यक्रम स्थल के विभिन्न सेक्टरों में कार्यपालक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल एवं अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में प्रवेश एवं यातायात व्यवस्था निर्धारित

राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में 18 जून को आयोजित कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रवेश एवं यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है। सभा स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक-पृथक व्यवस्था की गई है। सभी आगंतुकों, प्रतिभागियों एवं आमंत्रित अतिथियों को निर्धारित पार्किंग स्थल एवं प्रवेश द्वार का ही उपयोग करना होगा। कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने, आमजन की सुविधा तथा सुरक्षा मानकों के पालन के लिए विशेष मार्ग, पार्किंग स्थल एवं वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए 18 जून को प्रातः 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक बैतूल नगर सीमा में भारी एवं मध्यम वाहनों, ट्रैक्टर एवं ट्रॉलियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

थाना यातायात द्वारा जारी सूचना के अनुसार सुरक्षा कारणों से 18 जून को प्रातः 9 बजे से 10:15 बजे तक राष्ट्रपति के कार्केट मार्ग को पूर्णतः खाली एवं सैनिटाइज रखा जाएगा। साथ ही एंटी-सबोटाज जांच पूर्ण होने के बाद कार्केट मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन संचालन की अनुमति नहीं होगी। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story