(अपडेट) राष्ट्रपति मुर्मु जबलपुर पहुंचीं, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) राष्ट्रपति मुर्मु जबलपुर पहुंचीं, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल


(अपडेट) राष्ट्रपति मुर्मु जबलपुर पहुंचीं, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल


(अपडेट) राष्ट्रपति मुर्मु जबलपुर पहुंचीं, रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल


- राष्ट्रपति रानी दुर्गावति विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु रविवार, 21 जून को मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य आतिथ्य के रूप में शामिल होंगी। इसके लिए राष्ट्रपति मुर्मु शनिवार शाम को जबलपुर पहुंच गई हैं।

जबलपुर के सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड में सुबह 6 बजे से स्वस्थ आयु के लिये योग की थीम पर आयोजित किया जा रहे सामूहिक योग में लगभग 5 हजार नागरिकों की सहभागिता होगी। साथ ही 31 स्कूलों के लगभग 3 हजार 400 छात्र-छात्राएं भी शामिल रहेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा़, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार शामिल होंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का शनिवार शाम 6 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट आगमन हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिक व विवेक तन्खा, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े एवं लखन घनघोरिया तथा सेना के वरिष्ठ अधिकारी, कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पुष्प-गुच्छ देकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

रविवार को होगा रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर का 36वां दीक्षांत समारोह रविवार, 21 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल पटेल करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा उच्च शिक्षा मंत्री परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

141 विद्यार्थियों को मिलेंगे 240 स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 141 मेधावी विद्यार्थियों को 240 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु चयनित विद्यार्थियों को 20 स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।

182 शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी सहित विभिन्न उपाधियां

समारोह में 182 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त 3 विद्वानों को डी-लिट, एक को डीएससी तथा एक विशिष्ट व्यक्तित्व को मानद उपाधि प्रदान किए जाने का प्रस्ताव है। विभिन्न संकायों के पात्र विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां भी प्रदान की जाएंगी।

राष्ट्रपति सहित विशिष्ट अतिथियों के साथ ग्रुप फोटो रहेगा विशेष आकर्षण

दीक्षांत समारोह का एक विशेष आकर्षण स्वर्ण पदक धारकों एवं उपाधि प्राप्तकर्ताओं का राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री के साथ ग्रुप फोटो होगा। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए जीवनभर की अमूल्य स्मृति बनेगा।

जबलपुर में 3000 से ज्यादा जवान तैनात

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में करीब 3000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।

रविवार को जबलपुर प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती रहेगी। एक ओर राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था संभालनी है, वहीं दूसरी ओर री-नीट परीक्षा भी आयोजित करानी है। जिले में नीट परीक्षा के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से ज्यादा विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के जबलपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा कारणों से डुमना विमानतल, सर्किट हाउस क्रमांक-1, एमईएस रेस्ट हाउस, गैरिसन ग्राउंड, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और पूरे वीवीआईपी रूट के 15 किलोमीटर दायरे को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है।

राष्ट्रपति सोमवार को करेंगी कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण

जबलपुर के कार्यक्रमों में भाग ने के बाद राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु 21 जून को ग्वालियर पहुंचेंगी। इसके बाद वे वायु सेना के विशेष हेलिकॉप्टर से रवाना होकर कूनो नेशनल पार्क के पालपुर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु कूनो में बोत्सवाना से लाए गए चीतों के बाड़ों, उनकी देखरेख और प्रोजेक्ट चीता की प्रगति की जानकारी लेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में रात्रि विश्राम करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मु कूनो में सोमवार, 22 जून को चीता सफारी करेंगी, साथ ही चीता मित्रों, चीता मॉनिटरिंग टीम के सदस्यों और कूनो के गाइडों से भी मिलेंगी। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रपति की श्योपुर में 21 जून को अगवानी एवं 22 जून को विदाई के लिये नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला को मिनिस्टर- इन- वेटिंग नामित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story