सिंधिया राजघराने की संपत्ति का मामला फिर उलझा, सुनवाई में नहीं पहुंची प्रतिमा राणा, कोर्ट ने लगाई 10 हजार की कॉस्ट

WhatsApp Channel Join Now
सिंधिया राजघराने की संपत्ति का मामला फिर उलझा, सुनवाई में नहीं पहुंची प्रतिमा राणा, कोर्ट ने लगाई 10 हजार की कॉस्ट


- 41 हजार करोड़ की पैतृक संपत्ति के मामले में प्रतिमा ने लगाए हैं समझौते पर धोखे से हस्ताक्षर कराने का आरोप

ग्वालियर, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के ऐतिहासिक सिंधिया राजघराने की करीब 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अचल संपत्ति का पारिवारिक विवाद एक बार फिर कानूनी उलझनों में फंस गया है। अतिरिक्त सत्र न्यायालय (एडीजे) में बुधवार को इस हाई-प्रोफाइल मामले की अहम सुनवाई थी। सुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बड़ी बुआ (दिवंगत पद्मावती राजे) की बेटी प्रतिमा राणा के बयान दर्ज होने थे, लेकिन वे कोर्ट नहीं पहुंचीं।

परिवार के सदस्यों के बीच हुए समझौते (राजनामे) को चुनौती देने वाली प्रतिमा राणा की अनुपस्थिति पर अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने नाराजगी जताते हुए 10 हजार रुपये की कॉस्ट लगा दी। प्रतिमा ने वकील के माध्यम से शादी समारोह में व्यस्त होने के कारण पेश नहीं हो पाने की बात कही।

प्रतिमा राणा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दिवंगत बड़ी बुआ पद्मावती राजे की बेटी हैं। उन्होंने अदालत में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी तीनों मौसियों ने धोखे से उनसे संपत्ति विवाद के समझौता प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कराए थे। अदालत ने उन्हें आरोपों के समर्थन में अपना पक्ष रखने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया है। ऐसे में उनके बयान को मामले की सुनवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

समझौते पर सहमति को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे

प्रतिमा राणा ने समझौते में धोखाधड़ी का आरोप लगाया है, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी तीनों मौसियों ने इसे खारिज किया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, मध्यप्रदेश की पूर्व मंत्री यशोधरा राजे और उषा राजे ने अदालत में जवाब दाखिल कर कहा है कि समझौते पर सभी ने अपनी सहमति से हस्ताक्षर किए थे।

उनकी ओर से यह भी बताया गया कि हस्ताक्षर के बाद परिवार के सदस्य साथ रहे, पारिवारिक भोज किया और तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से भी समझौते को आपसी सहमति से संपन्न बताया गया है।

पहले अदालत ने प्रतिमा और कनिका को किया था एकपक्षीय

सिंधिया परिवार की देश-विदेश में फैली संपत्तियों पर अधिकार को लेकर वसुंधरा राजे, यशोधरा राजे और उषा राजे ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया था। इसमें दिवंगत पद्मावती राजे की बेटियों प्रतिमा और कनिका को भी पक्षकार बनाया गया था। अदालत में उपस्थित नहीं होने के कारण दोनों को पहले एकपक्षीय घोषित कर दिया गया था।

अब प्रतिमा ने समझौते पर सवाल उठाते हुए अपना पक्ष रखने की मांग की है। पद्मावती राजे का भी संपत्ति में हिस्सा होने के कारण उनकी बेटियों के अधिकार और सहमति का प्रश्न महत्वपूर्ण हो गया है। प्रतिमा के आरोपों और उनके समर्थन में पेश होने वाले साक्ष्यों से समझौते की कानूनी स्थिति पर असर पड़ सकता है।

इस पूरे विवाद में 78 साल पुराना ऐतिहासिक विलय पत्र 'द कोवेनेंट' भी महत्वपूर्ण दस्तावेज बनकर सामने आया है। इसकी दिल्ली के नोटरी से प्रमाणित प्रति अदालत में पेश की जा चुकी है। इस दस्तावेज में मध्य भारत की रियासतों के विलय, निजी संपत्तियों और पूर्व राजाओं को मिलने वाले प्रिवी पर्स यानी वार्षिक भत्ते से जुड़ी जानकारियां दर्ज हैं।फिलहाल प्रतिमा राणा की आपत्ति और उनके आरोपों ने 41 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद को नया मोड़ दे दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779493 Articles

Share this story