(अपडेट) मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार, महेश केवट आज भरेंगे नामांकन

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार, महेश केवट आज भरेंगे नामांकन


(अपडेट) मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा ने घोषित किया उम्मीदवार, महेश केवट आज भरेंगे नामांकन


भोपाल, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश केवट को उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट के लिए उनका कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन से मुकाबला होगा। दोनों नेता आज सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें रिक्त होने जा रही हैं। इन तीन सीटों की पूर्ति के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया के तहत आज नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन है। मप्र विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से राज्यसभा की दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है।

भाजपा पहले ही दो सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों उम्मीदवारों तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं, जबकि एक सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार घोषित किया है। वे आज अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसी बीच भाजपा ने तीसरी सीट के लिए भी उम्मीदवार घोषित कर दिया।

भाजपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद रविवार की रात मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति और नामांकन प्रक्रिया को लेकर चर्चा की। इसके बाद महेश केवट के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

मध्य प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में 228 सदस्य मतदान के पात्र हैं। राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 58 वोटों की आवश्यकता है। भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं। विधानसभा के संख्याबल हिसाब से दो सीटें भाजपा को मिलना तय है, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में जाती दिख रही है।

वहीं, आज दोपहर डेढ़ बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत मंत्री, विधायक और पार्टी पदाधिकारी जुटेंगे। यहां से सभी रैली के रूप में विधानसभा पहुंचेंगे, जहां भाजपा उम्मीदवार महेश केवट नामांकन दाखिल करेंगे। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भी अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर नामांकन जमा करेंगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story