प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यः डॉ. वीरेंद्र कुमार
- अमलतास विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में शामिल हुए केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री
देवास, 03 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में 2014 के बाद से शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में देश ने बहुत तरक्की की है, अब यहां पर विदेशों से भी उपचार कराने के लिए लोग आते हैं। विदेशों की तुलना में देश में सस्ता और अच्छा उपचार मिल रहा है। यह हमारे लिए बड़े ही गौरव की बात हैं।
उक्त बातें केन्द्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के देवास में स्थित अमलतास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि सबका साथ-सबका विश्वास तथा सबका विकास हो। इसके लिए हम सभी को कार्य करना होगा और देश को आत्मनिर्भर बनाने में सभी का सामूहिक प्रयास करने होंगे।
डॉ. कुमार ने कहा कि जब भी सेवा क्षेत्र की बात आती है तो चिकित्सा क्षेत्र के बात आती है। चिकित्सा के क्षेत्र में आप लोग जीवन की दूसरी पारी प्रारंभ करने जा रहे हैं। आप अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरूआत करने जा रहे हैं। आज आप इस विश्वविद्यालय से जरूर विदा हो रहे हैं, लेकिन आप यहां से डिग्री ही नहीं संस्कार, त्याग का भाव, समर्पण का भाव, सेवा का भाव लेकर भी समाज में जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सपना लेकर चल रहे हैं कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उस सपने को साकार करने में हमें भी मिलकर कार्य करना है। समाज का विकास करना तथा समाज को स्वस्थ्य भी रखना है। देश को स्वस्थ्य रखने में भी योगदान देना है और 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसमें हमारी युवा शक्ति हमारी प्रमुख ताकत है। उसे आगे बढ़कर काम करना है तथा भारत को विकसित भारत बनाना है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश में सन 2020 में नशा मुक्त भारत अभियान प्रारंभ किया गया था। यह एक जन अभियान बन गया, जिसमें करोड़ों की संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। इस अभियान में देश भर में कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से नागरिक जागरूक हो रहे हैं तथा यह अब सफल भी हो रहा है तथा लोग से प्रेरित होकर नशा करना छोड़ रहे हैं। देवास के अमलतास अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र बनाया गया है, जिसमें देवास जिले के ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के लोग भी आकर उपचार करवा रहे हैं। यहां नशा मुक्ति के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। यहां पर डिसेबल बच्चों के लिए स्कूल संचालित कर उन्हें शिक्षित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है। चिकित्सा के क्षेत्र में देश नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है। देशभर में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इन मेडिकल कॉलेज में शिक्षा प्राप्त करके डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि हमें “सबका साथ-सबका विकास” को ध्यान में रखकर कार्य करना है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में चिकित्सा के क्षेत्र में सस्ती और अच्छी चिकित्सा सेवा भारत में दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आप इस क्षेत्र जा रहे हैं, तो स्वास्थ्य सेवा में उल्लेखनीय कार्य करें। आपकी स्वास्थ्य सेवाएं ऐसी होने चाहिए की लोग आपको, आपके माता-पिता को तथा जहां से पढ़ाई की है उसका नाम गर्व से लें। उन्होंने कहा कि डॉक्टर मरीज के लिए भगवान का रूप होता है। आप स्वास्थ्य सेवा के माध्यम से समाज में अच्छे कार्य करें। आपके व्यवहार से ही मरीज 50 प्रतिशत स्वस्थ हो जाना चाहिए। यह डिग्री ही नहीं बड़े कार्यों का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा जन औषधि केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, जिनमें सस्ती और अच्छी दवाईयां मिल रही है। देश भर में 18 हजार से अधिक जनऔषधी केंद्र खोले गए है, जिनका मरीज लाभ ले रहे हैं। अमलतास युनिवर्सिटी में भी सेवा का भाव झलक रहा है, यहां अगर कोई मरीज आता है और उसके पास पैसे कम पड़ गए है तो भी उसका उपचार किया जा रहा है। यह भी एक मानव सेवा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि आज इस दीक्षांत समारोह में पीजी की डिग्री लेने वाले, ग्रेज्एशन की डिग्री लेने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं देता हूं तथा आपके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि आप स्वास्थ्य सेवा देना- मानव सेवा का सबसे बड़ा धर्म है और आप अच्छे से मरीजों का उपचार करें। आपके पढ़ाने में आपके माता-पिता ने बहुत संकट झेला है, अब आपको और अच्छा करके दिखाना है।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, विधायकगण गायत्रीराजे पवार व मनोज चौधरी, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, अमलतास विश्वविद्यालय के संस्थापक सुरेश भदौरिया, विश्वविद्यालय के चेयरमैन मयंक राज सिंह भदौरिया, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया, कुलाधिपति एवं कुलपति राजेश यादव, भेरूलाल अटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में युनिवर्सिटी के विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, विधायक गायत्रीराजे पवार, मनोज चौधरी और निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेम सिंह डेहरिया ने भी संबोधित करते हुए सभी नव चिकित्सकों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्र गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। दीक्षांत समारोह में नव चिकित्सकों को डिग्री एवं मेडल प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

