मप्र में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह के बाद पंपों पर उमड़ी भीड़, खाद्य मंत्री बोले- स्टॉक की कमी नहीं

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह के बाद पंपों पर उमड़ी भीड़, खाद्य मंत्री बोले- स्टॉक की कमी नहीं


भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सोशल मीडिया पर पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को भी सुबह से कई जगहों पर लम्बी कतारें लगी हुई हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

इंदौर, भोपाल, शाजापुर, खरगोन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, आगरमालवा, धार, खंडवा, नीमच आदि जिलों में भी सुबह से कई पेट्रोल पम्पों पर भीड़ देखी जा रही है। हालांकि, प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों का साफ कहना है कि कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई भी लगातार जारी है। इसके बावजूद लोग पैनिक में टैंक फुल करवा रहे हैं, जिससे कुछ जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बुधवार को बयान जारी कर कहा है कि मंगलवार (24 मार्च) को प्रदेश के कुछ जिलो में पेट्रोल पंपों पर आम जनता के बीच अफवाह की स्थिति के कारण लाइनें लगने तथा उपभोक्ताओं द्वारा पेट्रोल की पैनिक खरीद का मामला संज्ञान में आया। उन्होंने बताया कि पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल के स्टॉक की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल, डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। डिपो से भी पेट्रोल पंपों को निरंतर आपूर्ति की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह से भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है। घबराहट में न तो खरीदारी करें और न ही किसी प्रकार का संग्रह करें।

मंत्री राजपूत के अनुसार, ऑयल कंपनियों द्वारा अवगत कराया गया है कि आज की स्थिति में प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हो रही है। राज्य स्तर से नियंत्रण कक्ष एवं प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इन शहरों पर पेट्रोल पम्पों पर लगी कतारें

प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर बुधवार सुबह से भीड़ उमड़ रही है। शाजापुर में कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। राधा, बस स्टैंड और बेरछा रोड स्थित एचपी पंपों पर एडवांस भुगतान न होने से सप्लाई बंद है, जबकि टंकी चौराहे का भारत पंप भी खाली हो गया है। फिलहाल केवल रिलायंस पंप पर सीमित मात्रा में ईंधन मिल रहा है।

खरगोन में महेश्वर-बड़वाह रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह 300–400 वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पंप संचालक ने बताया कि पर्याप्त स्टॉक है और सभी को जरूरत के अनुसार ईंधन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने स्थिति संभालकर व्यवस्था बनाई।

रतलाम में कुछ पेट्रोल पंप बंद हैं, जबकि खुले पंपों पर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टू-व्हीलर में 200 रुपये और चार पहिया वाहनों में 1000 रुपये तक ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। पंप संचालकों के अनुसार स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। बड़वानी के सेंधवा में भी अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर सुबह से भीड़ बढ़ गई। पंप संचालकों और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अनावश्यक भीड़ न करने की अपील की गई है।

आगर मालवा जिले के पिपलोन कला के कुबड़िया खेड़ी पेट्रोल पंप पर सुबह से वाहनों की कतार लगी रही। पर्याप्त स्टॉक की जानकारी के बावजूद लोग टैंक फुल करवा रहे हैं। कानड़ में मंगलवार रात भीड़ के बीच पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। बाद में लोगों ने स्थिति को शांत कराया। इटारसी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर अफवाहों के कारण भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि कर्मचारियों ने स्थिति संभाली, लेकिन दिनभर भीड़ बनी रही।

उज्जैन में भी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के अनुसार, सप्लाई लगातार जारी है और आगे भी किसी तरह की कमी नहीं होगी। भोपाल में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और तीन महीने तक की आपूर्ति का स्टॉक मौजूद है। इसके बावजूद एयरपोर्ट रोड के एक पंप पर 200 रुपये तक पेट्रोल देने का मामला सामने आया, जिसकी शिकायत भी की गई है। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने लोगों से जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। भोपाल में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस उपलब्ध है।

भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि शहर में 58.79 लाख किलोलीटर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है, जो ढाई से तीन महीने तक के लिए पर्याप्त है। मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप ओनर एसोसिएशन के अनुसार, करीब 5 प्रतिशत पंपों पर एडवांस राशि की समस्या के कारण अस्थायी कमी है। कुल मिलाकर ईंधन की कमी नहीं है। भोपाल के भौंरी स्थित इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो से शहर के 192 पंपों को रोजाना 12 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल की सप्लाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story