ओलंपियन नीरज चोपड़ा और गगन नारंग पहुंचे बांधवगढ़, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों को करीब से देखा

WhatsApp Channel Join Now
ओलंपियन नीरज चोपड़ा और गगन नारंग पहुंचे बांधवगढ़, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों को करीब से देखा


ओलंपियन नीरज चोपड़ा और गगन नारंग पहुंचे बांधवगढ़, प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों को करीब से देखा


उमरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.)। खेल जगत की दो प्रमुख हस्तियां ओलिंपियन नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने शनिवार को मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचकर सफारी का लुत्फ उठाया। उन्होंने बांधवगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों को करीब से देखा और सराहना की।

ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा और ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग शनिवार सुबह बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे। उन्होंने सुबह ताला गेट से प्रवेश के बाद नीरज और गगन ने जंगल के कई हिस्सों का दौरा किया। दोनों ओलिंपियन ने करीब चार घंटे जंगल सफारी की और वन्यजीवों को करीब से देखा। इस दौरान रेंज ऑफिसर और सहायक संचालक भी उनके साथ थे। प्रबंधन ने उनके लिए खास इंतजाम किए थे।

भ्रमण के दौरान नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने वन अधिकारियों तथा मैदानी स्तर पर कार्यरत वनकर्मियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बाघ संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारी उन्हें रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और प्रबंधन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

सफारी के बाद नीरज चोपड़ा ने बांधवगढ़ के जंगल को 'बहुत सुंदर' बताया। उन्होंने युवाओं को कामयाबी के लिए सपोर्ट सिस्टम रखने का संदेश दिया। वहीं, गगन नारंग ने भी जंगल को सुंदर और शांत बताया। उन्होंने इसे 'प्राकृतिक धरोहर' कहा, जिसे बचाना जरूरी है।

बांधवगढ़ के सहायक संचालक जीतेंद्र अवासे ने बताया कि दोनों ओलंपियन को बांधवगढ़ का जंगल बहुत पसंद आया। स्टाफ ने उनका स्वागत किया और उन्हें सफारी कराकर जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story