देश में एलपीजी की कमी नहीं, रोजाना हो रहा 55 हजार मीट्रिक टन उत्पादन : हरदीप पुरी
इंदौर, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि देश में घरेलू रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। सरकार ने घरेलू एलपीजी का उत्पादन बढ़ाकर प्रतिदिन करीब 55 हजार मीट्रिक टन कर दिया है। पहले यह उत्पादन लगभग 34 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन था। पेट्रोल-डीजल की कीमतें भी कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारकों से प्रभावित होती हैं।
केंद्रीय मंत्री पुरी गुरुवार शाम को मध्य प्रदेश के इंदौर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री संविधान दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के खंडवा रोड परिसर स्थित स्कूल ऑफ कॉमर्स में विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने देश की ऊर्जा जरूरतों और ईंधन की उपलब्धता से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
पुरी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते शुरुआती दौर में एलपीजी की आपूर्ति को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई गईं। इस दौरान अफवाहों के कारण लोगों में घबराहट बढ़ी और कुछ स्थानों पर जमाखोरी तथा कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आईं। सरकार ने लगातार निगरानी और बैठकों के जरिए आपूर्ति व्यवस्था को नियंत्रित किया।
कच्चे तेल के दाम से तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें
केंद्रीय मंत्री पुरी ने पेट्रोल और डीजल के बढ़ते-घटते दामों पर कहा कि इनकी कीमतें केवल कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय भाव से तय नहीं होतीं। परिवहन खर्च, रिफाइनिंग की लागत और डीलर कमीशन जैसे कारकों का भी इसमें योगदान रहता है। इन सभी परिस्थितियों का असर खुदरा कीमतों पर पड़ता है। सरकार का इन कीमतों पर कोई जादुई नियंत्रण नहीं है।
ई-20 पेट्रोल पर छात्रा ने पूछा सवाल
विश्वविद्यालय में आयोजित संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने केंद्रीय मंत्री से ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े सवाल किए। एक छात्रा ने ई-20 पेट्रोल को लेकर अपनी जिज्ञासा रखी। इस सवाल के साथ एथेनॉल मिश्रण और देश की ऊर्जा जरूरतों से जुड़े विषय भी चर्चा में आए। कार्यक्रम में इंदौर सांसद शंकर लालवानी, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के कुलपति, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
इंदौर में केंद्रीय मंत्री पुरी के काफिले के सामने छात्र ने लगाए गो बैक के नारे
संविधान दिवस के मौके पर इंदौर पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के विरोध की भी तस्वीर सामने आई है। इसी दौरान एक छात्र ने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्र ने पोस्टर दिखाते हुए उनके काफिले के सामने पहुंचकर हरदीप पुरी गो बैक के नारे लगाए। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी एक्टिव हो गए। इंदौर भंवरकुआं थाना पुलिस ने छात्र के पास से पोस्टर छीनकर उसे जब्त कर लिया और उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
मालवांचल विश्वविद्यालय में भी संविधान पर चर्चा
इधर, मालवांचल विश्वविद्यालय और इंडेक्स समूह संस्थान में संविधान दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें राज्यसभा सांसद एवं भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। युवाओं को अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल समाज और राष्ट्र के हित में करना चाहिए।
मुख्य वक्ता न्यायाधीश डॉ. अनिल पारे ने संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और न्याय व्यवस्था की भूमिका पर जानकारी दी। कार्यक्रम में अभिभाषक संघ इंदौर के सचिव धर्मेंद्र गुर्जर सहित संस्थान के पदाधिकारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

