मप्र ने ऊर्जा क्षेत्र में फिर रचा नया कीर्तिमान, पहली बार 20,000 मेगावाट से अधिक मांग की निर्बाध आपूर्ति

WhatsApp Channel Join Now
मप्र ने ऊर्जा क्षेत्र में फिर रचा नया कीर्तिमान, पहली बार 20,000 मेगावाट से अधिक मांग की निर्बाध आपूर्ति


इंदौर, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र ने शनिवार को फिर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश ने पहली बार 20,000 मेगावाट से अधिक की विद्युत मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया।

एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि 21 नवंबर को प्रातः 9 बजकर 38 मिनट पर प्रदेश में 20,079 मेगावाट की रिकॉर्ड बिजली मांग दर्ज की गई, जिसे विद्युत कंपनियों के उत्कृष्ट समन्वय से बिना किसी व्यवधान के पूरा किया गया। इससे एक दिन पहले ही प्रदेश ने पिछले सीजन की अधिकतम 19,895 मेगावाट को पार करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया था। और आज भी इस प्रदेश की समस्त विद्युत उत्पादन, पारेषण एवं वितरण कंपनियों ने समन्वित प्रयास करते हुए 20079 मेगावाट की मांग की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की।

प्रदेश में बिजली मांग की स्थिति

गुप्ता ने बताया कि अधिकतम मांग के समय मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (जबलपुर, सागर एवं रीवा संभाग) में 4993 मेगावाट, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (भोपाल एवं ग्वालियर संभाग) में 6431 मेगावाट तथा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (इंदौर एवं उज्जैन संभाग) में 8186 मेगावाट की मांग दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त सेज एवं रेलवे क्षेत्रों में 469 मेगावाट विद्युत मांग रही। रिकॉर्ड मांग की पूर्ति के लिए ताप विद्युत गृहों से 3452 मेगावाट, जल विद्युत गृहों से 1054 मेगावाट, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 1637 मेगावाट तथा एनटीपीसी, बैंकिंग एवं अन्य स्रोतों से कुल 13936 मेगावाट बिजली प्राप्त की गई।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश की सभी विद्युत कंपनियों और विद्युत कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके अथक परिश्रम, तकनीकी दक्षता और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अधिकतम मांग के समय प्रदेश के सभी उत्पादन केन्द्रों, ट्रांसमिशन लाइनों एवं सबस्टेशनों से पूर्ण समन्वय के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781109 Articles

Share this story