मध्य प्रदेश को दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में मिली राष्ट्रीय पहचान, ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ श्रेणी में चयन

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश को दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में मिली राष्ट्रीय पहचान, ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ श्रेणी में चयन


- अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

भोपाल, 28 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास एवं सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश का चयन वर्ष 2026 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम एवं विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र के प्रभावी क्रियान्वयन तथा दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण से संबंधित अन्य योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ राज्य’ श्रेणी में किया गया है।

जनसंपर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दतिया जिला प्रशासन को बधाई दी है। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करेंगे।

उन्होंने बताया कि दतिया कलेक्टर श्री वानखेड़े के नेतृत्व में दतिया जिले में विशेष अभियान संचालित कर दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष शिविरों एवं जनसुनवाई के माध्यम से दिव्यांगजनों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया गया है। साथ ही जरूरतमंद दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। पात्र दिव्यांगजनों को पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं।

जनसंपर्क अधिकारी का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सभी के सर्वांगीण विकास के लिये राज्य शासन की संवेदनशीलता, प्रशासनिक प्रतिबद्धता एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है प्रदेश को मिला यह पुरस्कार। यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश के अन्य जिलों को भी दिव्यांगजन कल्याण एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785032 Articles

Share this story