मप्र : नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में बालाघाट पुलिस वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
मप्र : नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में बालाघाट पुलिस वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित


- एक मिनट की सामूहिक शपथ में 1.25 लाख विद्यार्थियों और पांच लाख से अधिक ऑनलाइन सहभागियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

भोपाल, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान जनसहभागिता के माध्यम से एक प्रभावी सामाजिक जनआंदोलन के रूप में स्थापित हो रहा है। अभियान के अंतर्गत बालाघाट पुलिस द्वारा नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित अभिनव पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि बालाघाट पुलिस ने अभियान के दौरान आयोजित एक मिनट के नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम के माध्यम से जनभागीदारी का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस कार्यक्रम में जिले के एक हजार 204 विद्यालयों के लगभग एक लाख 25 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही पांच लाख से अधिक नागरिकों ने ऑनलाइन माध्यम से अभियान से जुड़कर नशामुक्ति के इस जनआंदोलन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

इस व्यापक जनसहभागिता, प्रभावी जनजागरूकता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता को दृष्टिगत रखते हुए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बालाघाट पुलिस की इस उपलब्धि को विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता प्रदान करते हुए सर्टिफिकेट आफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया है।

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि नशे के विरुद्ध प्रभावी जनजागरूकता केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग-विशेषकर विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, अभिभावकों तथा नागरिकोंकी सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। बालाघाट पुलिस द्वारा संचालित यह पहल जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।

गौरतलब है कि नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश पुलिस प्रदेश में नशामुक्ति शपथ, जनजागरूकता रैलियां, संवाद कार्यक्रम, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं निरंतर संचालित कर रही है। अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनाना है।

इससे पहले गत दिनों अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने 1 लाख 75 हजार 451 नागरिकों को एक साथ नशामुक्ति की ई-शपथ दिलाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था। इसके साथ ही 8,534 नागरिकों की मानव श्रृंखला बनाकर अपना ही पूर्व विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने की उल्लेखनीय उपलब्धि भी अर्जित की थी।

इसी प्रकार बड़वानी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में आयोजित चित्रकला एवं स्लोगन लेखन गतिविधियों के माध्यम से 16 हजार 700 ड्राइंग शीट्स पर नशामुक्ति का संदेश अंकित कराया गया, जिसके लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बड़वानी पुलिसको मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया था। वहीं बुरहानपुर पुलिस द्वारा 113 विद्यालयों के 32 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने एक साथ अपने हाथों से नशामुक्ति संबंधी संदेश लिखकर हस्ताक्षर किए तथा नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। इस ऐतिहासिक जनभागीदारी को भी वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story