मप्र के नरसिंहपुर में बेकाबू हाईवा की टक्कर से चार युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र के नरसिंहपुर में बेकाबू हाईवा की टक्कर से चार युवकों की मौत, दो गंभीर घायल


नरसिंहपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, जबलपुर जिले के रहने वाले कुछ युवक रविवार को नरसिंहपुर-जबलपुर बॉर्डर पर स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे। लौटते समय शाम करीब 7 बजे सभी युवक इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे खड़े थे, तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो युवकों की रास्ते में मौत हो गई, जबकि जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया।

नरसिंहपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि हादसे में राजेंद्र पटेल निवासी पावला की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जबलपुर रेफर किया गया।

शहपुरा थाना प्रभारी प्रतीक धुर्वे ने बताया कि घायलों को जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन शहपुरा पहुंचने से पहले ही तीन और युवकों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान वीरेंद्र (20) पुत्र छोटेलाल लोधी, रामपाल (21) पुत्र नरवर सिंह लोधी, दोनों निवासी ग्राम पावला तथा जयपाल (30) पुत्र पंचम सिंह लोधी निवासी बरपटी के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल आकाश (24) पुत्र कल्याण सिंह लोधी और नीरज (25) पुत्र मालक सिंह लोधी दोनों निवासी बरपटी को बेहतर इलाज के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सभी युवक जबलपुर जिले के रहने वाले थे और स्कॉर्पियो से नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर स्थित हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे। शाम को लौटते समय वे इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुक कर सेल्फी लेने लगे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वाहन कौन-सा था। सुआतला थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अन्य साक्ष्यों और अन्य तकनीकी और स्थानीय सुरागों के आधार पर भी आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story