भेड़ाघाट में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव आज से, पहले दिन सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला देंगे प्रस्तुति

WhatsApp Channel Join Now
भेड़ाघाट में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव आज से, पहले दिन सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला देंगे प्रस्तुति


भेड़ाघाट में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव आज से, पहले दिन सुनील लोधी और जसपिंदर नरूला देंगे प्रस्तुति


जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में स्थित संगमरमरी सौंदर्य के लिए मशहूर पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में शनिवार को दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का भव्य आगाज होने जा रहा है। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय आयोजन में भजनों की सरिता बहेगी तथा शास्त्रीय एवं लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी।

जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम जबलपुर, नगर परिषद भेड़ाघाट एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित नर्मदा महोत्सव का यह लगातार 23वां वर्ष है। पूर्व के वर्षों की तरह नर्मदा महोत्सव का इस बार का आयोजन भी धुआंधार जलप्रपात के समीप मुक्ताकाशी मंच पर होगा।

जबलपुर पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी) के सीईओ मानवेंद्र सिंह ने बताया कि नर्मदा महोत्सव के पहले दिन (24 अक्टूबर) की सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण फिल्म हनुमान अंश के सुप्रसिद्ध भजन मैने तेरे ही भरोसे के गायक सुनील लोधी तथा मुम्बई की सूफी गायिका जसपिंदर नरूला का गायन होगा। वहीं, दूसरे दिन 25 अक्टूबर की सांस्कृतिक संध्या में इंडियन आइडल फेम मुम्बई की अरूणिता कांजीलाल एवं मुम्बई की ही पार्श्व गायिका ऋचा शर्मा अपनी सुरीली और खनकती आवाज में भक्ति रस की सरिता बहाएंगी।

मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ आज शाम 7 बजे माँ नर्मदा की पूजा अर्चना से होगा। पहले दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद आशीष दुबे करेंगे। राज्य सभा सदस्य विवेक कृष्ण तन्खा, विधायकगण अजय विश्नोई, नीरज सिंह, लखन घनघोरिया, सुशील तिवारी इंदु व संतोष वरकड़े एवं जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया को कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

महोत्सव के पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत शाम 7.30 बजे जबलपुर की समृद्धि अय्यर के नवदुर्गा शास्त्रीय नृत्य से होगी। शाम 7.45 बजे सागर के दीपेश पांडे एवं साथी कलाकारों द्वारा बधाई-नोरता नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। रात 8.15 बजे से सुनील लोधी एवं सहयोगियों द्वारा मनमोहक भजन प्रस्तुत किये जाएंगे तथा मुम्बई की जसपिंदर नरूला का गायन रात 9 बजे से प्रारंभ होगा।

जेएटीसीसी सीईओ मानवेंद्र सिंह के अनुसार, नर्मदा महोत्सव के दूसरे और समापन दिवस 25 अक्टूबर को भी शाम 7 बजे नर्मदा पूजन, अतिथियों के स्वागत व दीप प्रज्जवलन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। दूसरे दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मुख्य अतिथि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह होंगे। राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक नीरज सिंह, अशोक रोहाणी एवं डॉ. अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नु, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज एवं भेडाघाट नगर परिषद के अध्यक्ष चतुर सिंह लोधी विशिष्ट के रूप में मौजूद रहेंगे।

दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या में शाम 7.30 बजे से त्रिभंग कला अकादमी जबलपुर की कौतुकी उपाध्याय द्वारा शास्त्रीय नृत्य की तथा शाम 7.45 बजे महाराष्ट्र की शिवमुद्रा संस्था द्वारा ढोल-ताशा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। रात 8.15 बजे से मुम्बई की अरूणिता कांजीलाल और रात 9 बजे से मुम्बई की ही सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका ऋर्चा शर्मा द्वारा भजनों का गायन होगा।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765810 Articles

Share this story