प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुआ अद्वितीय कार्य: जेपी नड्डा

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुआ अद्वितीय कार्य: जेपी नड्डा


प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में हुआ अद्वितीय कार्य: जेपी नड्डा


- केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने बैतूल में किया मेडिकल कॉलेज समेत 383 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण

भोपाल, 23 दिसंबर (हि.स.)। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को उत्कृष्ट बनाने की दिशा में ऐतिहासिक और अद्वितीय कार्य हुआ है। दूरस्थ अंचलों में भी मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से अब गरीब और आम व्यक्तियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने लगी है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा मंगलवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान बैतूल में पुलिस ग्राउंड में पीपीपी मोड पर बनने वाले देश के पहले मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित थे। केन्द्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में 383 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया।

केन्द्रीय मंत्री नडडा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आज एक लाख 81 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जच्चा-बच्चा को स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। आज देश में सभी के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए आयुष्मान योजना का लाभ ही नहीं दिया जा रहा है बल्कि टीकाकरण के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के जीवन की रक्षा के लिए 12 प्रकार के टीके कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारत में मातृ मृत्यु दर दुनिया से कम है। पांच वर्ष के बच्चे की मृत्यु दर में भारत में कमी आई है। आरोग्य मंदिर के माध्यम से डेंटल हेल्थ, मेंटल हेल्थ हाईपर टेंशन, डाइबिटीज, कैंसर रोकने का काम बहुत तीव्र गति से चला है। टेलीमानस के माध्यम से बिना किसी को बताए सिर्फ एक टेलीफोन नंबर पर इलाज कर रहे हैं। 30 लाख लोगों ने इसका फायदा उठाया है। भारत सरकार ने हाईपरटेंशन के मरीजों को स्क्रीन किया है। 40 करोड़ लोगों को जानने का प्रयास किया है कि इनको हाई ब्लडप्रेशर है या नहीं है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने बताया कि महिलाओं में कैंसर में साढ़े 8 करोड़ स्क्रीनिंग हुई है। ब्रेस्ट कैंसर में साड़े 15 करोड़ की स्क्रीनिंग हुई 75 हजार 500 बहनों का इलाज शुरू हो गया है। दुनिया से टीबी उन्मूलन की दिशा में देश में सबसे बेहतर कार्य हुआ है। भारत में 21 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि दुनिया मात्र 12 प्रतिशत की कमी आई। विकास की द्रष्टि और हर द्ष्टि से काम को आगे बढाने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 62 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजनांतर्गत 5 लाख रुपये की सालाना मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था की है। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के लिये गंभीर बीमारी के लिए हर वर्ष 5 लाख रुपये के इलाज की व्यवस्था की है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति आई है। भारत बदल रहा है। विकास की एक नई कहानी है। 20 वी शताब्दी के अंत तक एक ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस दिल्ली में था। भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी ने तत्कालीन समय में 6 ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस (एम्स) खोले। अब यह 23 हो गए हैं। वर्ष 2014 में 387 मेडिकल कॉलेज थे। आज 819 मेडिकल कॉलेज है। धार और बैतूल सहित मेडिकल कॉलेजों की संख्या 821 हो गई है।

केन्द्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि रीवा में सुपर स्पेशलिटी ब्लाक के लिए 138 करोड़ और जबलपुर में 141 करोड़ ग्वालियर में 131 करोड़ रुपये दिए हैं। गवर्मेंट मेडिकल कॉलेज ईंदौर के लिए 191 करोड़ रुपये दिए हैं। उज्जैन के मेडिकल कॉलेज के लिए 700 करोड़ रुपये दिए गए है। अभी 14 नए मेडिकल कॉलेज के ए्प्रुवल मिले हैं। मध्य प्रदेश में पहले पांच मेडिकल कॉलेज थे, अब 33 हो गए हैं। आने वाले समय में 50 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज होंगे। मेडिकल कॉलेजों में 850 नए मेडिकल कॉलेज की सीट के लिए एक हजार 20 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उसी तरीके से 850 पीजी सीटें 10 मेडिकल कॉलेज में 702 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री भारत आयुष्मान हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन में 1 हजार 804 करोड रुपये मध्य प्रदेश को दिया गया है। 15 वित्त आयोग में 4 हजार 686 करोड़ रुपये मप्र को दिया गया है। आज 92 प्रतिशत भारत में मोबाइल बन रहे हैं। डिजीटल इंडिया में भारत आगे बढ़ गया है। आज सब्जी वाला भी क्यू आर लेकर बैठ रहा है। मप्र में 80 प्रतिशत रेलवे स्टेशन अमृत भारत में बन रहे हैं। मप्र का रेलवे का बजट नौ गुना बड़ा है। एशिया का सबसे बडा सोलर प्लाट रीवा में बन रहा है।

समारोह को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुलताई का नाम मूलतापी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नड्डा की उपस्थिति में आज किए गए भूमि-पूजन और लोकार्पण से बैतूल की तस्वीर और तकदीर बदल जाएगी। समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी संबोधित किया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, विधायकगण डॉ. योगेश पंडाग्रे, महेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर देशमुख व गंगाबाई उईके, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार सहित अनेक ज नप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story