केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिले मप्र के मंत्री लोधी, जागेश्वरनाथ लोक के विकास के लिए राशि जारी करने का किया अनुरोध

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री शेखावत से मिले मप्र के मंत्री लोधी, जागेश्वरनाथ लोक के विकास के लिए राशि जारी करने का किया अनुरोध


भोपाल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उनके बीच प्रदेश में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रगतिरत विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

राज्य मंत्री लोधी ने दमोह जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल 'जागेश्वरनाथ लोक, बांदकपुर' के विकास का विषय प्रमुखता से रखा। उन्होंने बांदकपुर में जारी विकास कार्यों के आगामी चरण को गति देने के लिए आवश्यक वित्तीय राशि शीघ्र जारी करने का विशेष अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि उपलब्ध होने से निर्माण कार्यों को तीव्र गति मिलेगी, जिससे देश-प्रदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उच्च स्तरीय नागरिक एवं बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।

राज्य मंत्री लोधी ने केंद्रीय मंत्री शेखावत को प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों के सुदृढ़ीकरण के लिए उठाए जा रहे कदमों से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मध्य प्रदेश को सांस्कृतिक एवं धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर संकल्पित होकर कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story