मप्र पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, आठ आईपीएस सहित 74 अधिकारियों का तबादला

WhatsApp Channel Join Now
मप्र पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, आठ आईपीएस सहित 74 अधिकारियों का तबादला


भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में राज्य शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के आठ अधिकारियों का तबादले करते हुए उनकी नई पदस्थापनाएं की हैं। इसके साथ ही राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। इस संबंध में शुक्रवार को गृह विभाग द्वारा आदेश जारी कर कुल 74 पुलिस अधिकारियों को नई पदस्थापनाएं की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला जबलपुर बनाया गया है। वे इससे पहले करेरा (जिला शिवपुरी) में एसडीओपी के रूप में पदस्थ थे। आयुष जाखड़ हाल के दिनों में उस मामले को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसमें भाजपा नेता प्रीतम लोधी के बेटे के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा।

वहीं, आयुष जाखड़ की पत्नी और आईपीएस अधिकारी अनु बेनिवाल को भी जबलपुर भेजा गया है। अनु बेनिवाल ग्वालियर से स्थानांतरित होकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर बनाई गई हैं। अनु बेनिवाल उस समय सुर्खियों में आई थीं, जब थाना प्रभारी रहते हुए उनका एक वकील से विवाद हो गया था। इसके बाद बार एसोसिएशन ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। अब तबादले के बाद आयुष जाखड़ और अनु बेनिवाल दोनों जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर साथ काम करेंगे।

राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में पदस्थ एसडीओपी मिनी शुक्ला को प्रमोट कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-2) भोपाल नगरीय पुलिस बनाया गया है। मिनी शुक्ला का विवाह पिछले वर्ष आईएएस अधिकारी सुमित पांडेय से हुआ था। सुमित पांडेय वर्तमान में भोपाल में अपर कलेक्टर हैं। नई पदस्थापना के बाद दोनों अधिकारी अब एक ही जिले में सेवाएं देंगे।

इसके अलावा जिन आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है, उनमें अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लांजी बालाघाट ओमप्रकाश को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन-3 नगरीय पुलिस इंदौर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बैहर जिला बालाघाट करणदीप को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सिंगरौली गौरव पाण्डेय को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतना, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सबगढ़ मुरैना राज कृष्णा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महू, इंदौर ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक धार सुजावल जग्गा को अतिरिक्त पुलिस अधीक्ष ग्वालियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्य पुलिस सेवा के 66 अधिकारियों का भी तबादला

गृह विभाग ने राज्य पुलिस सेवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के 66 अधिकारियों के भी तबादले किए हैं। इन्हें विभिन्न जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस इकाइयों में एसपी तथा उप सेनानी के पदों पर पदस्थ किया गया है।

इनमें सीताराम ससत्या, मुकेश कुमार वैश्य, आरडी प्रजापति, रेखा धर्मेन्द्र सिंह, अमित वर्मा, प्राची द्विवेदी, सुरेन्द्र सिंह गौर, रुपेश कुमार द्विवेदी, कमल मौर्य, हेमलता कुरील, रामसनेही मिश्रा, प्रमोद कुमार सोनकर, प्रदीप पटेल, नीरज सोनी, प्रतिमा पटेल, मनु व्यास, प्रदीप शेंडे, जयवीर सिंह भदौरिया, रचना मुकाती भदौरिया, मनकामना प्रसाद, अंतर सिंह कनेश, संजीव कुमार उइके, ज्योति ठाकुर, गजेन्द्र सिंह वर्धमान, नवल सिंह सिसोदिया, रश्मि धुर्वे, सुनीता रावत, कमलेश कुमार, गजेन्द्र सिंह कंवर, सुनील कुमार शिवहरे, गौतम सोलंकी, नीरज चौरसिया, शिवेश सिंह बघेल, आरती सिंह महाजन, विक्रम सिंह, मंजीत सिंह चावला, ऋषि सिरोठिया, नितेश भार्गव, बल्ल्भ सैयाम, मनोज कर्वेती, लोकेश कुमार सिन्हा, लवली सोनी, स्टेला सूलिया, राकेश पंद्रो, कमला जोशी, संतोष कुमार डेहरिया, आलोक शर्मा, हेमलता अग्रवाल, संजीव पाठक, स्वाति मुराब, संजीव मुले, एलरिज विसेंट, मलकीत सिंह, गीता डोंगरे चौहान, मनोज शर्मा, विक्रम रघुवंशी, मान सिंह ठाकुर, अरविंद श्रीवास्तव, अखिलेश तिवारी, नरेन्द्र सोलंकी, ज्योति उमठ, ऋतु केवरे, प्रशांत सिंह सुमन, हेमंत चौहान, शशिकांत सरयाम और दीपक नायक शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story