मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला


मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला


मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला


मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला


मप्र में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल, आधी रात को 23 आईएएस अधिकारियों का तबादला


- 11 जिलों के कलेक्टर बदले, सुखबीर सिंह को बनाया गया मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव

भोपाल, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में आधी रात को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 23 अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की है। इनमें 11 जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार देर रात आदेश जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव सुखवीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया है। वे लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं, मप्र सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव को अपने मौजूदा प्रभार के अलावा मप्र शासन जनसंपर्क विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यादव के यह जिम्मेदारी संभालने के बाद एसीएस अनुपम राजन इस प्रभार से मुक्त होंगे। इसके अलावा 11 जिलों- पन्ना, मऊगंज, नर्मदापुरम, जबलपुर, भिंड, रायसेन, सिंगरौली, बालाघाट, शाजापुर, बुरहानपुर और हरदा के कलेक्टरों को बदला गया है।

जानकारी मिली है कि मूंग खरीदी आंदोलन के दौरान प्रभावी भूमिका नहीं निभाने के चलते हरदा और नर्मदापुरम के कलेक्टरों को बदला गया है। वहीं, पन्ना में केन-बेतवा परियोजना से जुड़े मामले में लापरवाही के आरोपों के बीच कलेक्टर ऊषा परमार को हटाया गया है। तबादला सूची में 2017 बैच के आईएएस अधिकारियों को कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। कुमार सत्यम को बालाघाट से हरदा भेजा गया है। बालाघाट में बच्चों की मौत के मामले के बाद उनके तबादले की कार्रवाई हुई है। हालांकि, उन्हें कलेक्टर पद पर बनाए रखते हुए हरदा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, आदित्य सिंह को बालाघाट का नया कलेक्टर बनाया गया है। हरदा और अशोकनगर के कलेक्टर रह चुके आदित्य सिंह को एक बार फिर जिले की कमान मिली है। अशोकनगर में पदस्थापना के दौरान उन पर रिश्वत लेने के आरोप लगे थे, जिन्हें फर्जी बताया गया था। इसके बाद उन्हें पद से हटा दिया था। वहीं, नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा को संचालक, एड्स नियंत्रण सोसाइटी और संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास बनाया गया है। उनकी जगह आशीष वशिष्ठ को नर्मदापुरम का कलेक्टर बनाया गया है।

सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल को सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव और कर्मचारी चयन मंडल का संचालक बनाया गया है। उनकी जगह मंत्रालय में उप सचिव के पद पर पदस्थ अंकित अस्थाना को सिंगरौली का कलेक्टर बनाया गया है। उन्हें भी दोबारा कलेक्टरी मिली है।

जबलपुर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक-सह-आयुक्त मंडी बनाया गया है। रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को जबलपुर भेजा गया है। रायसेन में रोहित सिसोनिया नए कलेक्टर होंगे। शाजापुर कलेक्टर ऋजु बाफना को उज्जैन संभाग में अपर आयुक्त राजस्व बनाया गया है। उनकी जगह इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ परीक्षित संजयराव झाड़े को शाजापुर का कलेक्टर बनाया गया है।

भिंड कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह पवन कुमार जैन को भिंड का कलेक्टर बनाया गया है। पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। उनकी जगह बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह को पन्ना भेजा गया है। बुरहानपुर में विवेक कुमार नए कलेक्टर होंगे। मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन को किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह राजेश कुमार ओगरे को मऊगंज का कलेक्टर बनाया गया है। हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को वाणिज्यिक कर विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह कुमार सत्यम को हरदा भेजा गया है।

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। केसी गुप्ता को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जॉन किंग्सली ए.आर. को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग का सचिव बनाया गया है। शोभित जैन को कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। संकेत एस. भोंडवे को आवासीय आयुक्त, मध्य प्रदेश भवन, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। स्वतंत्र कुमार सिंह को औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग का सचिव बनाया गया है।

इसके अलावा संदीप केरकेट्टा को इंदौर विकास प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया है। अंशुमन राज को मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम का प्रबंध संचालक और समग्र सामाजिक सुरक्षा मिशन का मिशन संचालक बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760482 Articles

Share this story