(अपडेट) झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.42 करोड़ कीमत के 99 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9.42 करोड़ कीमत के 99 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त


- ग्राम कलमोड़ा के दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्र में कपास की फसल के बीच हो रही थी अवैध खेती

भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की झाबुआ पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 99 क्विंटल से अधिक वजन के गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे के पौधों की अंतररराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत नौ करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने गुरुवार बताया कि ग्राम कलमोड़ा के दुर्गम एवं पहाड़ी क्षेत्र में कपास की फसल के बीच की जा रही अवैध गांजा खेती का पर्दाफाश करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 15,609 गांजे के पौधे जब्त किए हैं। इन पौधों का कुल वजन 99 क्विंटल 16 किलो 427 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 9 करोड़ 42 लाख रुपये है। तीनों प्रकरणों में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

ग्राम कलमोड़ा में पुलिस ने तीन स्थानों पर की कार्रवाई

उन्होंने बताया कि कोतवाली थाना एवं पारा चौकी पुलिस को ग्राम कलमोड़ा में पहाड़ी, तलहटी एवं दुर्गम क्षेत्रों में कपास की फसल के बीच में अवैध गांजे की खेती किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में दबिश देकर तीन अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधों को जब्त किया।

पहले मामले में 6,011 पौधे

पहले मामले में 6,011 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 4,732.37 किलो और अनुमानित कीमत चार करोड़ 49 लाख 57 हजार 515 रुपये बताई गई है। इस मामले में ग्राम कलमोड़ा निवासी वेलसिंह पुत्र मोहरिया डामोर को आरोपित बनाया गया है। खेती के लिए इस्तेमाल की गई वन क्षेत्र की जमीन करीब 1.086 हेक्टेयर बताई गई है।

दूसरे मामले में 5,308 पौधे

दूसरे मामले में पुलिस ने 5,308 पौधे जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ 31 लाख 50 हजार 915 रुपये बताई गई है। इस मामले में ग्राम कलमोड़ा निवासी भमरसिंह पुत्र मोहरिया डामोर को आरोपित बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित वन भूमि का कुल क्षेत्रफल करीब 0.42 हेक्टेयर है।

तीसरे मामले में 4,290 पौधे

तीसरे मामले में 4,290 पौधे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ 60 लाख 93 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में ग्राम कलमोड़ा निवासी बापु पुत्र मोहरिया डामोर को आरोपित बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, संबंधित वन भूमि का कुल क्षेत्रफल करीब 0.478 हेक्टेयर है।

पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का नशामुक्त मध्य प्रदेश'' के संकल्प को साकार करने के लिए मादक पदार्थों की अवैध खेती एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761659 Articles

Share this story