महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने उज्जैन पहुंचकर किए महाकाल के दर्शन, सिंहस्थ के कार्यों को सराहा

WhatsApp Channel Join Now
महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने उज्जैन पहुंचकर किए महाकाल के दर्शन, सिंहस्थ के कार्यों को सराहा


महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने उज्जैन पहुंचकर किए महाकाल के दर्शन, सिंहस्थ के कार्यों को सराहा


उज्जैन, 22 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार के जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन रविवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे और विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के भोग आरती के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने उज्जैन में चल रहे सिंहस्थ के कार्यों की जमकर सराहना की।

महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन रविवार को अपने परिवार के साथ उज्जैन पहुंचे। उन्होंने यहां सपत्नीक ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की भोग आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिया। उन्होंने नंदी हाल से भगवान महाकाल के दर्शन कर नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया। इसके बाद देहरी से भगवान को जल अर्पित कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मंत्री गिरीश महाजन का स्वागत-सत्कार किया गया।

दर्शन उपरांत मंत्री महाजन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उज्जैन आकर बहुत अच्छा लगा। बहुत दिनों से इच्छा हो रही थी, आज आरती में शामिल होने का भी सौभाग्य मिला। उन्होंने उज्जैन में सिंहस्थ के लिए चल रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर जो व्यवस्था की जा रही है, वह बहुत ही बढ़िया है। इसी तरह महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर में हम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आप हमसे बहुत आगे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे यहां भी आगामी कुंभ को लेकर व्यवस्थां की जा रही हैं। वर्ष 2027 में नासिक में 12 साल बाद कुंभ होने जा रहा है। पिछले कुंभ के समय भी मैं मंत्री था और उस समय भी अच्छे काम हुए थे। पिछले दो साल से हम लगातार काम कर रहे हैं। प्रयागराज में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए थे और नासिक में इस बार पिछले समय की तुलना में पांच गुना अधिक श्रद्धालु आने की उम्मीद है। इसलिए हम व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं, ताकि सुरक्षित कुंभ का आयोजन हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story