आज हरि के द्वार पहुंचेंगे महाकाल, उज्जैन में आधी रात को होगा हरि-हर का अनोखा मिलन

WhatsApp Channel Join Now
आज हरि के द्वार पहुंचेंगे महाकाल, उज्जैन में आधी रात को होगा हरि-हर का अनोखा मिलन


- वैकुंठ चतुर्दशी पर उज्जैन में निभाई जाएगी अनूठी परंपरा, हरि-हर मिलन के साक्षी बनेंगे हजारों श्रद्धालु

भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में भगवान शिव और भगवान विष्णु के मिलन की अनूठी परंपरा एक बार फिर श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनेगी। कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी यानी वैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर रविवार और सोमवार की आधी रात को महाकाल हरि के द्वार पहुंचेंगे, तब धर्मनगरी उज्जैन की रात शिव-विष्णु की भक्ति से सराबोर होगी। इस अवसर पर गोपाल मंदिर में हरि-हर मिलन होगा। इस अद्भुत दश्य के हजारों श्रद्धालु साक्षी बनेंगे।

दरअसल, देशभर में भगवान शिव और भगवान विष्णु की अलग-अलग आराधना की परंपरा है, लेकिन मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक ऐसी धार्मिक परंपरा निभाई जाती है, जहां दोनों आराध्य देवों का मिलन होता है। यहां वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और भगवान विष्णु का मिलन होगा। इसे हरिहर मिलन के नाम से जाना जाता है। इस अनूठी परंपरा में बाबा महाकाल स्वयं चांदी की पालकी में सवार होकर गोपाल मंदिर पहुंचेंगे और आधी रात को भगवान विष्णु से मिलेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बाबा महाकाल की पहली सवारी रविवार रात ठीक 11 बजे मंदिर से रवाना होगी और आधी रात के समय द्वारकाधीश गोपाल मंदिर पहुंचेगी। यहां पहुंचकर दोनों देवताओं का मिलन होगा और पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की जाएगी। परंपरागत रस्मों के निर्वहन के पश्चात रात करीब 2 बजे बाबा महाकाल की पालकी वापस मंदिर के लिए रवाना होगी।

चातुर्मास में शिव संभालते हैं सृष्टि, अब विष्णु को लौटाते हैं दायित्व

हरि-हर मिलन के पीछे एक धार्मिक मान्यता जुड़ी हुई है। मान्यता के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद चातुर्मास के दौरान सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के बाद वैकुंठ चतुर्दशी की मध्यरात्रि में भगवान शिव उनसे मिलने पहुंचते हैं और सृष्टि के संचालन का दायित्व पुनः उन्हें सौंपते हैं।

उज्जैन में इसी धार्मिक प्रसंग को प्रत्यक्ष परंपरा के रूप में निभाया जाता है। यहां भगवान महाकाल को अवंतिका के अधिपति और राजा के रूप में पूजा जाता है। इसलिए उनका भगवान विष्णु से मिलने जाना सामान्य धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि राजसी परंपरा से जुड़ा आयोजन माना जाता है।

चांदी की पालकी में निकलते हैं राजाधिराज महाकाल

वैकुंठ चतुर्दशी की रात महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजन के बाद भगवान महाकाल की सवारी निकाली जाती है। चांदी की पालकी में विराजमान होकर बाबा महाकाल अपने लाव-लश्कर के साथ गोपाल मंदिर के लिए प्रस्थान करते हैं। सवारी महाकाल मंदिर से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई गोपाल मंदिर पहुंचती है।

इस दौरान रास्ते में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए खड़े रहते हैं। जय महाकाल के उद्घोष और भक्ति के वातावरण के बीच सवारी गोपाल मंदिर पहुंचती है। यहां भगवान श्रीकृष्ण के गोपाल स्वरूप को भगवान विष्णु का स्वरूप मानकर पूजा जाता है।

बिल्वपत्र और तुलसी की माला से होता है मिलन

हरि-हर मिलन का सबसे खास दृश्य दोनों देवताओं को अर्पित की जाने वाली मालाओं का आदान-प्रदान है। भगवान महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला भेंट की जाती है। वहीं भगवान गोपाल की ओर से भगवान महाकाल को तुलसी की माला अर्पित की जाती है। बिल्वपत्र भगवान शिव की पूजा में विशेष महत्व रखता है, जबकि तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय मानी जाती है। दोनों देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय सामग्री अर्पित करने की यह परंपरा उनके बीच अभिन्न संबंध का प्रतीक है।

रात में महाकाल जाते हैं गोपाल के द्वार, सुबह गोपाल पहुंचते हैं महाकाल के दरबार

उज्जैन के हरि-हर मिलन की विशेषता यह भी है कि धार्मिक परंपरा केवल रात के आयोजन तक सीमित नहीं रहती। अगली सुबह महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती के दौरान भी हरि-हर मिलन की रस्म निभाई जाती है। इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित साक्षी गोपाल मंदिर से भगवान गोपाल की प्रतिमा को झांझ और डमरू की ध्वनि के बीच महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लाया जाता है। यहां भगवान शिव और भगवान विष्णु का पूजन किया जाता है। इस तरह रात में भगवान महाकाल गोपाल मंदिर पहुंचते हैं और सुबह भगवान गोपाल महाकाल के दरबार में आते हैं। इस परंपरा को हरि और हर के बीच आपसी एकात्मता के रूप में देखा जाता है।

सौ साल से अधिक पुरानी है परंपरा

महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा के अनुसार, सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट के श्री द्वारकाधीश गोपाल मंदिर में हरि-हर मिलन की परंपरा सौ साल से पुरानी है। सिंधिया रियासत के समय से ही इसका निर्वहन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उज्जैन में हरि-हर मिलन की परंपरा के पीछे शैव और वैष्णव संप्रदायों को एक सूत्र में जोड़ने का भाव रहा है। सिंधिया रियासत के समय दोनों संप्रदायों के बीच आपसी मेल-मिलाप और सद्भाव बढ़ाने के उद्देश्य से यह परंपरा शुरू की गई थी। यही वजह है कि आज भी वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान महाकाल स्वयं भगवान गोपाल से मिलने पहुंचते हैं।

पंडित महेश शर्मा ने बताया कि देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव को सौंपकर पाताल लोक में राजा बलि के अतिथि बनते हैं। चातुर्मास के चार महीने भगवान शिव सृष्टि का संचालन करते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव पुनः यह दायित्व भगवान विष्णु को सौंपते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781239 Articles

Share this story