आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केन्द्र बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक : मोहन यादव

WhatsApp Channel Join Now
आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन का बड़ा केन्द्र बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक : मोहन यादव


-नलखेड़ा में लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा भव्य मां बगलामुखी देवी लोक, मुख्यमंत्री ने पहले चरण का किया भूमिपूजन- नलखेड़ा में श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, 108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का मुख्य शिखर

भोपाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां बगलामुखी मंदिर परिसर में 85.40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भव्य देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण का भूमि-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मां बगलामुखी देवी लोक आस्था, अध्यात्म, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मां बगलामुखी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवी लोक परियोजना के निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सिंगल क्लिक के माध्यम से निर्माण कार्यों की शुरुआत की।

इस अवसर पर अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, विधायक भैरव सिंह बापू और पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री का मां बगलामुखी देवी की तस्वीर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मां बगलामुखी धाम की महिमा अद्भुत है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उज्जैन में श्रीमहाकाल लोक के लोकार्पण के बाद पूरे मालवांचल में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है। इसी क्रम में अब मां बगलामुखी देवी लोक के विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नलखेड़ा आने वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार पुलियों और सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। आमला से नलखेड़ा तक 55 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से लगभग 14 किलोमीटर लंबा नया फोरलेन बायपास बनाया जा रहा है। इसके अलावा लखुंदर नदी पर 13.77 करोड़ रुपये की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की सड़क, रेल और हवाई संपर्क व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। बाबा बैजनाथ धाम की तर्ज पर मां बगलामुखी धाम को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा।

प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक बनाने का संकल्प

डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के 14 से अधिक धार्मिक स्थलों को दिव्यलोक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इस दिशा में उज्जैन का श्रीमहाकाल लोक, ओंकारेश्वर का एकात्म धाम, ओरछा की श्रीराम नगरी और चित्रकूट धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे सुंदर और भव्य घाट विकसित किए जाएंगे। मंदिर परिसर और पार्किंग क्षेत्र का विस्तार होगा। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ शौचालय, पक्की सड़कें, धर्मशालाओं में बेहतर सुविधाएं और अतिथियों के लिए भवन का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष अलनीनो का प्रभाव कम रहने और अच्छी बारिश होने से सोयाबीन की फसल बेहतर हुई है। उन्होंने बताया कि किसानों को इस वर्ष सोयाबीन की उपज पर लगभग सात हजार रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा।

108 फीट ऊंचा होगा मंदिर का शिखर, बनेंगी 220 यज्ञशालाएं

मां बगलामुखी देवी लोक परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 85.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण और विकास कार्य किए जाएंगे। इसके तहत मंदिर के मुख्य शिखर की ऊंचाई 108 फीट होगी। मुख्य मंदिर का निर्माण 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में किया जाएगा। इसमें गर्भगृह, ऊपरी संरचना और पत्थरों की क्लैडिंग का कार्य शामिल है।

धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक यज्ञों के लिए 220 यज्ञशालाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गौशाला का निर्माण होगा। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर कॉरिडोर तथा प्रांगण को विकसित किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत विशिष्ट अतिथियों के लिए सुविधायुक्त वीवीआईपी भवन, चार भव्य मुख्य प्रवेश द्वार और पूरे परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा चारपहिया वाहनों एवं बसों के लिए पार्किंग, शौचालय ब्लॉक, उद्यान और हरित क्षेत्रों का विकास किया जाएगा।

परिसर में आंतरिक एवं बाहरी विद्युत व्यवस्था, आकर्षक फसाड लाइटिंग, जल निकासी एवं प्लंबिंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पूरे परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए लैंडस्केपिंग और साइट डेवलपमेंट के कार्य कराए जाएंगे।

कार्यक्रम को सांसद रोडमल नागर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक माधव सिंह, मधु गहलोत, ओम मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story