होली पर चंद्रोदय के साथ चंद्रग्रहण का योग, फाल्गुन पूर्णिमा पर होली खेलने आ रहा तामिया लाल सा चंद्रमा
भोपाल, 02 मार्च। खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए तीन मार्च (मंगलवार) का दिन बेहद खास होने जा रहा है। होली के रंगों के बीच आकाश में चंद्रमा भी ताम्र-लाल आभा के साथ नजर आएगा। फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर पूर्ण चंद्रग्रहण की खगोलीय घटना घटित होगी, जिसमें चंद्रमा पृथ्वी की पूर्ण छाया से होकर गुजरेगा।
भोपाल की राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि भारत में यह घटना आंशिक चंद्रग्रहण के रूप में शाम को केवल कुछ मिनटों के लिए दिखाई देगी। यह ग्रहण ‘ग्रस्तोदय’ के रूप में नजर आएगा, यानी चंद्रोदय के समय ही चंद्रमा पर ग्रहण लगा हुआ होगा।
उन्होंने बताया कि ग्रहण की शुरुआत दोपहर लगभग 3 बजकर 20 मिनट से हो जाएगी, लेकिन उस समय भारत में चंद्रोदय नहीं हुआ होगा। आंशिक ग्रहण की समाप्ति शाम 6 बजकर 47 मिनट पर होगी। जिन नगरों में चंद्रोदय पहले हो जाएगा, वहां ग्रहण कुछ अधिक समय तक देखा जा सकेगा। पूर्वोत्तर के शहरों में यह अपेक्षाकृत अधिक देर तक दिखाई देगा।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में ग्रहण का दृश्य लगभग शाम 6:01 बजे से दिखाई देना शुरू होगा, जबकि पश्चिम में स्थित आलीराजपुर में यह करीब 6:37 बजे नजर आएगा। यह वर्ष 2026 का पहला चंद्रग्रहण होगा।
पूर्ण चंद्रग्रहण को ‘ब्लड मून’ भी कहा जाता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, तो पृथ्वी का वायुमंडल सूर्य की नीली रोशनी को बिखेर देता है और लाल प्रकाश को चंद्रमा तक पहुंचने देता है। इसी कारण चंद्रमा गहरे लाल या तांबे जैसे रंग का दिखाई देता है।
सारिका घारू के अनुसार, चंद्रग्रहण को बिना किसी विशेष चश्मे के नंगी आंखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है। इस खगोलीय घटना का कुछ न कुछ हिस्सा विश्व की लगभग 63 प्रतिशत आबादी देख सकेगी।
चंद्रग्रहण का समय (भारतीय समयानुसार) :
आंशिक ग्रहण आरंभ- दोपहर 3 बजकर 20 मिनिट 07 सेकंडपूर्णग्रहण आरंभ - दोपहर 4 बजकर 34 मिनिट 34 सेकंडपूर्णग्रहण समाप्ति - सायं 5 बजकर 32 मिनिट 49 सेकंडआंशिक ग्रहण समाप्ति- सायं 6 बजकर 47 मिनिट 15 सेकंडपूर्णग्रहण की अवधि - 58 मिनिट
खगोल प्रेमियों के लिए यह होली न सिर्फ रंगों से, बल्कि आसमान में दिखने वाले अनोखे नजारे से भी यादगार बनने वाली है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

